नेपालःतय समय सीमा में घोषणा पत्र सार्वजनिक करने में प्रमुख दल असफल

0
12

काठमांडू, 15 फरवरी (हि.स.)। निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय सीमा के भीतर बड़े राजनीतिक दल भी अपना चुनावी घोषणापत्र जारी नहीं कर पाए हैं।05 मार्च को होने वाले प्रतिनिधि सभा चुनाव में अब केवल 18 दिन शेष हैं। तीन सप्ताह से भी कम समय बाकी रहने के बावजूद अधिकांश दलों ने अब तक घोषणापत्र सार्वजनिक नहीं किया है।

नेपाली कांग्रेस, नेकपा एमाले और राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (रास्वपा) जैसे बड़े दलों ने भी रविवार तक अपना घोषणापत्र जारी नहीं किया था। इन दलों ने आने वाले कुछ दिनों में भी घोषणापत्र लाने की स्पष्ट संभावना नहीं दिखाई है। अब तक नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (नेकपा), राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी (राप्रपा), जनता समाजवादी पार्टी (जसपा) और राष्ट्रीय जनमोर्चा सहित कुछ दल अपने घोषणापत्र जारी कर चुके हैं।

केवल प्रगतिशील लोकतान्त्रिक पार्टी (प्रलोपा), उज्यालो नेपाल पार्टी (उनेपा) और नेपाल मजदुर किसान पार्टी (नेमकिपा) ने रविवार को अपने घोषणापत्र सार्वजनिक किए।निर्वाचन आयोग नेपाल ने रविवार 15 मार्च तक घोषणापत्र सार्वजनिक कर आयोग में प्रस्तुत करने का निर्देश दिया था। आयोग ने निर्वाचन आचार संहिता की धारा 37 के अनुसार चुनाव में भाग लेने वाले दलों को यह निर्देश जारी किया था।

हालांकि, प्रमुख दलों ने आयोग के इस निर्देश का उल्लंघन किया है। आयोग के सह-प्रवक्ता कुलबहादुर जिसी के अनुसार, दलों और उम्मीदवारों ने घोषणापत्र जमा करना शुरू कर दिया है।

अब तक घोषणापत्र जारी न करने वाले दलों में कांग्रेस ने 18 फरवरी को मधेश प्रदेश से घोषणापत्र सार्वजनिक करने की जानकारी दी है। इससे पहले कांग्रेस ने रविवार को काठमांडू में घोषणापत्र जारी करने की योजना बनाई थी, लेकिन तकनीकी कारणों का हवाला देते हुए पूर्व-तैयारी स्थगित कर दी गई थी।

एमाले ने 19 फरवरी तक घोषणापत्र सार्वजनिक करने की तैयारी की है, यह जानकारी उसके चुनाव प्रचार संयोजक मीनबहादुर शाही ने दी। वहीं, रास्वपा कर्णाली प्रदेश से अपना घोषणापत्र सार्वजनिक करने की तैयारी कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here