छत्तीसगढ़ में ट्रक−कार हादसे में तीन सीआरपीएफ जवान समेत चार की मौत

0
12

धमतरी, 14 फ़रवरी (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के धमतरी-खपरी बाइपास मार्ग पर शनिवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक और कार के बीच हुई टक्कर में तीनसीआरपीएफ जवान और एक चालक सहित चार लोगों की मौत हो गई।

धमतरी पुलिस के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार कोबरा बटालियन सीआरपीएफ के तीन जवानों सहित एक सिविलियन चालक की मौके पर मौत हो गई। एक अन्य जवान गंभीर रूप से घायल है, जिसे रायपुर रेफर किया गया है। धमतरी पुलिस ने बताया कि सीआरपीएफ की 201 कोबरा बटालियन के चार जवान होली पर्व मनाने के लिए छुट्टी पर 14 फरवरी की सुबह जगदलपुर से रायपुर की ओर कार से रवाना हुए थे। जैसे ही उनकी कार धमतरी-खपरी बाइपास के पास पहुंची तो सामने से आ रहे ट्रक से उसकी जबरदस्त भिड़ंत हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दो जवानों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल एक जवान और कार चालक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में अंतिम सांस ली। मृतकों में हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार, एएसआई उमेंद्र सिंह, कांस्टेबल राजकुमार गौड़ तथा सिविलियन चालक हीरालाल नागर (निवासी पंडरिया रीवा) शामिल हैं। बताया जा रहा है कि सभी जवान 201 कोबरा बटालियन से थे। हादसे में घायल जवान अभिमान राय को प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर स्थित नारायणा अस्पताल भेजा गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। जवानों के शव व घायल वाहन में फंसे रह गए। उन्हें बाहर निकालने के लिए क्रेन और राहत दल की मदद लेनी पड़ी। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए और कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल किया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल धमतरी लाया गया है। इस हादसे ने पूरे जिले को झकझोर दिया है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा और पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार सहित सीआरपीएफ व पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे और स्थिति की जानकारी ली। प्रशासन ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here