ग्राउण्ड ब्रेकिंग समारोह : उप्र के तीन लाख 91 हजार नवयुवकों को मिला रोजगार

0
22

लखनऊ, 10 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से आयोजित ग्राउण्ड ब्रेकिंग समारोह के माध्यम से स्थापित इकाइयों के माध्यम में प्रदेश के तीन लाख 91 हजार 44 नवयुवकों को रोजगार प्राप्त हुआ है। यह जानकारी औद्योगिक विकास विभाग के मंत्री नंद गोपाल नंदी ने मंगलवार को विधान ​परिषद में सपा एमएलसी डा.मानसिंह यादव द्वारा पूछे गये तारांकित प्रश्न के उत्तर में दी।

मंत्री नंद गोपाल नंदी ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा वर्ष 2018 में इन्वेस्टर समिट 2018 का आयोजन किया गया था।इसमें कुल 1045 औद्योगिक इकाइयों द्वारा कुल 4.28 लाख करोड़ के समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किये गये थे। इसके पश्चात वर्ष 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर समिट में कुल 19,250 औद्योगिक इकाइयों द्वारा 33.50 लाख करोड़ के समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किये गये।

मंत्री नंद गोपाल नंदी ने बताया कि इसके बाद चार ग्राउण्ड ब्रेकिंग समारोह आयोजन किया गया। इन चार ग्राउण्ड ब्रेकिंग समारोह में आयी 16478 इकाइयों ने 10,01056 करोड़ का निवेश किया। इन इकाइयों के माध्यम से तीन लाख 91 हजार 44 नवयुवकों को रोजगार मिला है।

औद्योगिक विकास विभाग के मंत्री नंद गोपाल नंदी ने कहा कि इन ग्राउण्डिंग की गई इकाईयों के वाणिज्यिक उत्तपादन प्रारम्भ कराये जाने के लिए जनपद स्तर से लेकर इन्वेस्ट यूपी स्तर पर सतत प्रयास किया जा रहा है। मंत्री ने कहा डबल इंजन सरकार प्रदेश की प्रगति, समावेशी विकास एवं जनकल्याण के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है। हम सभी के सहयोग से ‘विकसित भारत–2047’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में निरंतर अग्रसर हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here