Site icon Wah! Bharat

उप्र में सर्व धर्म संसद : धर्मगुरु बाेले- भारत की शक्ति उसकी विविधता में है निहित

-उन्नाव शहर के रामलीला मैदान में हुआ आयाेजन

उन्नाव, 23 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उन्नाव शहर के रामलीला मैदान में शुक्रवार को आयोजित सर्व धर्म संसद में देश के विभिन्न धर्मों के प्रमुख धर्मगुरु एक मंच पर एकत्र हुए। श्री साईं दरबार सेवा समिति द्वारा आयाेजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में आपसी सौहार्द, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता का संदेश देना रहा और रंग दे बसंती के तहत इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई, जैन सहित अन्य धर्मों के प्रमुख धर्मगुरुओं ने सहभागिता की। मंच पर सभी धर्मों के प्रतिनिधियों की एक साथ उपस्थिति ने सर्वधर्म समभाव की मिसाल पेश की। धर्मगुरुओं ने कहा कि भारत की शक्ति उसकी विविधता में निहित है। सभी धर्म मानवता, प्रेम और शांति का संदेश देते हैं। देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाए रखने के लिए धर्मों के बीच आपसी सम्मान, संवाद और सहयोग अत्यंत आवश्यक है।

सर्व धर्म संसद के राष्ट्रीय संयोजक गोस्वामी सुशील जी महाराज ने कहा कि हम सभी एक हैं और धर्मों का विभाजन हम नहीं कर रहे, बल्कि कुछ लोग समाज को लड़ाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसी सोच को समाप्त करने के लिए सभी धर्मों के धर्मगुरु एक मंच पर उपस्थित हुए हैं, ताकि समाज को एकता और भाईचारे का स्पष्ट संदेश दिया जा सके।

कार्यक्रम में हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सहित सभी समुदायों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। आयोजन के दौरान ‘रंग दे बसंती’ कार्यक्रम भी आयोजित कर देशभक्ति, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का संदेश दिया गया। इस अवसर पर साईं मंदिर के संस्थापक सुरेंद्र वर्मा बाबा ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य समाज को जोड़ना और नई पीढ़ी को आपसी भाईचारे का संदेश देना है।

Exit mobile version