Site icon Wah! Bharat

आकाशवाणी लखनऊ से प्रसारित होगी भारतीय सेना के शौर्य की कहानी

लखनऊ,09 फ़रवरी (हि.स.)। आकाशवाणी लखनऊ जल्दी ही अपने कार्यक्रमों में कुछ और नए रंग भरने जा रहा है। आकाशवाणी केंद्र लखनऊ की कार्यक्रम प्रमुख सुमोना एस पांडे ने सोमवार को एक पत्रकार वार्ता में बताया कि आकाशवाणी जल्द ही जवानों के लिए एक विशेष कार्यक्रम इस केंद्र द्वारा प्रसारित करने जा रहा है। इस कार्यक्रम में आकाशवाणी की ओर से भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम से जुड़ी बातों को सेना के जवानों के साक्षात्कार के माध्यम से प्रसारित किया जाएगा।

आकाशवाणी की कार्यक्रम प्रमुख सुमोना एस पांडे ने बताया कि इसी के साथ ही मीडिया और पत्रकारिता से जुड़े लोगों पर आधारित एक अन्य कार्यक्रम भी शुरू किया जा रहा है। जिसमें समसामयिक घटनाओं और पत्रकारिता के आयाम जैसे विषयों पर वरिष्ठ पत्रकार अपने विचार साझा करेंगे।

श्रीमती पांडे ने बताया कि इन कार्यक्रमों की तैयारी लगभग पूरी कर ली गई है। इन दोनों ही कार्यक्रमों का प्रसारण एफएम रेनबो और विविध भारती चैनल पर किया जाएगा। सुमोना पांडे ने बताया कि आकाशवाणी अपने सामाजिक दायित्वों का निर्वाह पूरी जिम्मेदारी के साथ निरंतर करता चला आ रहा है। लोक प्रसारक होने के नाते गरिमापूर्ण, ज्ञानवर्धक और मनोरंजक कार्यक्रमों में अधिक से अधिक श्रोता वर्ग की भावनाओं को समावेशित करने में आकाशवाणी सदा प्रयत्नशील रहता है।

Exit mobile version