होली पर लालकुआं-राजकोट के बीच साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन, 1 मार्च से चलेगी

0
8

बरेली, 10 फरवरी (हि.स.) । होली पर्व पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने लालकुआं-राजकोट के बीच साप्ताहिक होली विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।

पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल के अनुसार 05045-05046 लालकुआं-राजकोट-लालकुआं साप्ताहिक होली स्पेशल का संचालन मार्च माह में पांच फेरों के लिए किया जाएगा।

05045 लालकुआं-राजकोट होली विशेष ट्रेन 1 मार्च से 29 मार्च 2026 तक प्रत्येक रविवार को लालकुआं से दोपहर 12:35 बजे प्रस्थान करेगी। ट्रेन किच्छा, बहेड़ी, भोजीपुरा, इज्जतनगर, बरेली सिटी और बरेली जंक्शन होते हुए बदायूं, कासगंज, हाथरस सिटी, मथुरा, भरतपुर, जयपुर, जोधपुर, मेहसाणा, सुरेन्द्रनगर व वांकानेर मार्ग से गुजरते हुए अगले दिन शाम 6:10 बजे राजकोट पहुंचेगी।

वापसी में 05046 राजकोट-लालकुआं होली विशेष 2 मार्च से 30 मार्च 2026 तक प्रत्येक सोमवार को राजकोट से रात 10:30 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन वांकानेर, सुरेन्द्रनगर, मेहसाणा, जोधपुर, जयपुर, भरतपुर, मथुरा, कासगंज, बदायूं, बरेली जंक्शन, इज्जतनगर, भोजीपुरा, बहेड़ी व किच्छा स्टेशनों पर ठहराव लेते हुए तीसरे दिन सुबह 5:15 बजे लालकुआं पहुंचेगी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार होली के दौरान उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान और गुजरात के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को इस स्पेशल ट्रेन से बड़ी राहत मिलेगी। लंबी दूरी की ट्रेनों में बढ़ती वेटिंग को देखते हुए यह संचालन किया जा रहा है।

इस विशेष गाड़ी में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे। इनमें एसएलआरडी के 2, शयनयान श्रेणी के 11, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के 2, वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी का 1 तथा सामान्य द्वितीय श्रेणी के 4 कोच शामिल रहेंगे।

इज्जतनगर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा ने बताया कि यात्रियों की सुविधा और त्योहार के दौरान सुगम यात्रा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए यह विशेष ट्रेन चलाई जा रही है। यात्रियों से अग्रिम आरक्षण कराने की अपील की गई है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें