दो दिन की गिरावट के बाद सेंसेक्स और निफ्टी मजबूती के साथ बंद हुए

0
7

– बाजार की मजबूती से निवेशकों को 3.01 लाख करोड़ का मुनाफा

नई दिल्ली, 16 फरवरी (हि.स.)। लगातार दो कारोबारी दिन तक बड़ी गिरावट का सामना करने के बाद घरेलू शेयर बाजार आज शानदार वापसी करने में सफल रहा। आज के कारोबार की शुरुआत कमजोरी के साथ ही हुई थी। सुबह 10 बजे तक के कारोबार में बिकवाल बाजार पर हावी होते हुए नजर आए, लेकिन उसके बाद लिवालों ने अपना जोर बना दिया। खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में तेजी आ गई। हालांकि बीच-बीच में मुनाफा वसूली के चक्कर में बिकवाली के मामूली झटका भी लगते रहे। इसके बावजूद पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.79 प्रतिशत और निफ्टी 0.83 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुए।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान बाजार में खरीदारी का रुझान बना रहा। खासकर पावर, रियल्टी, एनर्जी और फाइनेंशियल सेक्टर के शेयरों में लगातार खरीदारी होती रही। इसी तरह बैंकिंग, इंफ्रास्ट्रक्चर, कैपिटल गुड्स, आईटी, कंज्यूमर ड्यूरेबल, एफएमसीजी, हेल्थकेयर, मेटल, ऑयल एंड गैस, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज और टेक इंडेक्स भी बढ़त के साथ बंद हुए। दूसरी ओर, मीडिया और ऑटोमोबाइल सेक्टर के शेयरों में आज बिकवाली का दबाव बना रहा। ब्रॉडर मार्केट में भी आज आमतौर पर लिवाली होती रही, जिसके कारण बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 0.48 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.11 प्रतिशत की बढ़त के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई मजबूती के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में तीन लाख करोड़ रुपये से अधिक की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 468.47 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 465.46 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 3.01 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।

आज दिन भर के कारोबार में बीएसई में 4,496 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 1,793 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,510 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 193 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,921 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,208 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,713 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 20 शेयर बढ़त के साथ और 10 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 37 शेयर हरे निशान में और 13 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 146.36 अंक की कमजोरी के साथ 82,480.40 अंक के स्तर पर खुला।

कारोबार की शुरुआत होने के बाद पहले आधे घंटे के कारोबार में इस सूचकांक की चाल में लगातार उतार चढ़ाव होता रहा। बिकवाली के दबाव में सेंसेक्स 349.81 अंक लुढ़क कर 82,276.95 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से शाम तीन बजे के करीब सेंसेक्स निचले स्तर से 1,056.54 अंक की छलांग लगा कर 706.73 अंक की मजबूती के साथ 83,333.49 अंक के स्तर तक पहुंच गया। अंत में इंट्रा-डे सेटलमेंट के कारण हुई मामूली बिकवाली की वजह से यह सूचकांक ऊपरी स्तर से 55 अंक से अधिक फिसल कर 650.39 अंक की तेजी के साथ 83,277.15 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 47.50 अंक टूट कर 25,423.60 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। पहले आधे घंटे के कारोबार में यह सूचकांक उतार-चढ़ाव के बीच 98.40 अंक फिसल कर 25,372.70 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। सुबह 10 बजे के थोड़ी देर पहले से शुरू हुई खरीदारी के सपोर्ट से आज का कारोबार खत्म होने के थोड़ी देर पहले निफ्टी निचले स्तर से 324.30 अंक की छलांग लगा कर 225.90 अंक की मजबूती के साथ 25,697 अंक के स्तर तक पहुंच गया। अंत में दिन के सौदों के निपटारे की वजह से हुई मामूली बिकवाली के कारण निफ्टी ऊपरी स्तर से थोड़ा गिर कर 211.65 अंक की तेजी के साथ 25,682.75 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

दिन भर हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से पावर ग्रिड कॉरपोरेशन 4.63 प्रतिशत, कोल इंडिया 3.31 प्रतिशत, एचडीएफसी बैंक 2.42 प्रतिशत, अदानी एंटरप्राइज 2.25 प्रतिशत और मैक्स हेल्थ केयर 2.11 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, टेक महिंद्रा 1.41 प्रतिशत, मारुति सुजुकी 1.22 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस 1.17 प्रतिशत, टीएमपीवी 0.79 प्रतिशत और आयशर मोटर्स 0.68 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें