
लखनऊ, 11 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट को जनआकांक्षाओं को समर्पित, जनकल्याण, सुशासन और समृद्धि के संकल्प को साकार करने वाला ऐतिहासिक बजट बताते हुए बजट का स्वागत किया है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने 9.12 लाख करोड़ से अधिक का विशाल बजट पेश किया है। जो कि पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 12.9 प्रतिशत अधिक है, जिससे प्रदेश में विकास और जनकल्याणकारी योजनाएं और अधिक गति से चलेंगी। प्रदेश सरकार ने विकास और विश्वास का जो मॉडल स्थापित किया है, यह बजट उसी प्रतिबद्धता का सशक्त प्रतिबिम्ब है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि इस बजट में समाज के प्रत्येक वर्ग की आवश्यकताओं और अपेक्षाओं का ध्यान रखा गया है। मातृशक्ति की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने हेतु ठोस प्रावधान किए गए हैं, जिससे महिलाएं आर्थिक व सामाजिक रूप से और अधिक सशक्त बन सकें। युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास, स्टार्टअप और रोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए व्यापक योजनाएं इस बजट में सम्मिलित हैं, जो उन्हें सक्षम और आत्मनिर्भर बनाएंगी।श्री चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के बजट में महिलाओं के रोजगार और आत्मनिर्भरता पर खासा जोर दिया गया है। महिला सशक्तीकरण के लिए योजनाओं को जमीन पर उतारा जाएगा। प्रदेश में महिलाओं के लिए विशेष स्किल डेवलपमेंट सेंटर खोले जायेंगे। जहां महिलाओं को आधुनिक एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। बजट में मेधावी छात्राओं के लिए रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के तहत सरकार ने 400 करोड़ रू. का प्रावधान किया है। कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल, युवाओं के लिए नए रोजगार और खेल विश्वविद्यालय सहित कईं बडे़ निर्णय युवाओं एवं महिलाओं के सशक्तीकरण में मील का पत्थर साबित होंगे। प्रदेश में 14 नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना का भी बजट में प्रावधान किया गया है। श्री चौधरी ने विश्वास व्यक्त किया कि यह बजट “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” की भावना को साकार करते हुए उत्तर प्रदेश को विकास के नए आयामों तक पहुंचाएगा।
