
नई दिल्ली, 26 दिसंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को वीर बाल दिवस के अवसर पर साहिबजादों के अद्वितीय बलिदान को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया। उन्होंने कहा कि वीर बाल दिवस साहिबजादों के साहस, त्याग और बलिदान को याद करने का दिन है।
प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर साझा किए अपने संदेश में कहा कि इस अवसर पर माता गुजरी जी की अडिग आस्था और श्री गुरु गोबिंद सिंह जी की अमर शिक्षाओं का भी स्मरण किया जाता है। उन्होंने कहा कि वीर बाल दिवस साहस, दृढ़ संकल्प और धर्मनिष्ठा से जुड़ा हुआ दिन है।
मोदी ने कहा कि साहिबजादों के जीवन और आदर्श आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरणा देते रहेंगे। उन्होंने देशवासियों से उनके मूल्यों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
उल्लेखनीय है कि सिखों के दसवें गुरु, श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के चार पुत्र साहिबजादा अजीत सिंह, साहिबजादा जुझार सिंह, साहिबजादा जोरावर सिंह और साहिबजादा फतेह सिंह थे। साहिबजादा अजीत सिंह और साहिबजादा जुझार सिंह ने वर्ष 1705 में चमकौर के युद्ध में मुगल सेना से लड़ते हुए वीरगति प्राप्त की। वहीं, छोटे साहिबजादे जोरावर सिंह और फतेह सिंह को सरहिंद में इस्लाम स्वीकार करने से इनकार करने पर दीवार में जीवित चिनवा दिया गया। माता गुजरी जी ने भी इस पीड़ा के बीच अपने प्राण त्याग दिए। साहिबजादों का यह सर्वोच्च बलिदान भारतीय इतिहास में धर्म, सत्य और मानव मूल्यों की रक्षा के लिए दिए गए अद्वितीय उदाहरण के रूप में स्मरण किया जाता है। वीर बाल दिवस हर वर्ष 26 दिसंबर को उनके शौर्य, बलिदान और अटूट आस्था को नमन करने के लिए मनाया जाता है।
भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने बंगला साहब गुरुद्वारा में मथा टेका

नई दिल्ली, 26 दिसंबर (हि.स.)। सिखों के पवित्र शहीदी माह के अंतर्गत शुक्रवार को भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने नई दिल्ली स्थित गुरुद्वारा बंगला साहब में मथा टेका।
उन्होने गुरू गोबिंद सिंह के चारों शाहजादों, माता गुजरी देवी, गुरू तेगबहादुर, भाई मती दास, भाई सती दास एवं दयाला जी के बलिदान को याद कर उनके सम्मान में शुक्रवार काे गुरुद्वारा बंगला साहिब में माथा टेक कर प्रार्थना की।
इस दाैरान भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा, दिल्ली सरकार में मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा एवं भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया सह संयोजक संजय मयूख भी भाजपा गुरुद्वारा बंगला साहिब पहुंचे और प्रार्थना में सम्मिलित हुए।
इस अवसर पर वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि राष्ट्र धर्म और सनातन संस्कृति की सुरक्षा के लिए गुरू गोविंद सिंह महाराज के चार साहिबजादों अजीत सिंह, जुझार सिंह, जाेरावर सिंह और फतेह सिंह ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया, आज उनकी शहादत को नमन करने का दिन है।
प्रधानमंत्री मोदी ने 26 दिसंबर को उनकी स्मृति में वीर बाल दिवस के रूप में घोषित किया है, ये कदम बड़ा है इससे आने वाली पीढ़ियों को भी इन साहिबजादों की वीर गाथा को याद करने का अवसर मिलता है।
दिल्ली: भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और दिल्ली सरकार में मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने वीर बाल दिवस के मौके पर गुरुद्वारा श्री बंगला साहिब में मत्था टेका।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वीर बाल दिवस पर गुरु गोबिंद के साहिबजादों की शहादत को किया नमन
भाेपाल, 26 दिसंबर (हि.स.)। आज शुक्रवार काे वीर बाल दिवस है। हर साल 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस मनाया जाता है। यह दिन सिखों के दसवें गुरु – गुरु गोबिंद सिंह जी के चार वीर पुत्रों के अद्वितीय बलिदान और साहस के प्रति सम्मानित जताने के लिए मनाया जाता है। मुख्यमंत्री डॉ. माेहन यादव ने वीर बाल दिवस पर गुरु गोबिंद के साहिबजादों की शहादत को नमन किया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने साेशल मीडिया एक्स पर पाेस्ट करते हुए लिखा -परम श्रद्धेय गुरु गोबिंद सिंह जी के चार पुत्रों, साहिबजादा अजीत सिंह जी, साहिबजादा जुझार सिंह जी, साहिबजादा जोरावर सिंह जी, साहिबजादा फतेह सिंह जी के बलिदान दिवस ‘वीर बाल दिवस’ पर उन्हें सादर नमन-वंदन करता हूं। धर्म एवं मानवता के लिए उनका त्याग विश्व कल्याण का मार्ग प्रशस्त करता रहेगा।
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने ‘वीर बाल दिवस’ पर गुरु गोबिंद सिंह जी, माता गुजरी और वीर साहिबजादों की शहादत का स्मरण कर उन्हें नमन किया।
X प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट में केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने कहा “गुरु गोबिंद सिंह जी के वीर साहिबजादों ने अल्पायु में ही धर्म व देश की रक्षा के लिए जो बलिदान दिए, वैसा उदाहरण इतिहास में विरल है। माता गुजरी और गुरु गोबिंद सिंह जी के संस्कारों ने साहिबजादों में मानवता की रक्षा के जो बीज बोए, उसे क्रूर आततायियों की अमानवीय यातनाएँ भी डिगा न सकीं। चारों साहिबजादों की बलिदानगाथा हर पीढ़ी तक पहुँचे, इसलिए मोदी जी ने ‘वीर बाल दिवस’ मनाने की शुरुआत की। ‘वीर बाल दिवस’ पर गुरु गोबिंद सिंह जी, माता गुजरी और वीर साहिबजादों की शहादत का स्मरण कर उन्हें नमन करता हूँ।”


