अभिनेत्री अमीषा पटेल के खिलाफ गैर जमानती वारंट

0
6

मुरादाबाद, 16 फरवरी (हि.स.)। मुरादाबाद के अतिरिक्त सिविल जज (जूनियर डिवीजन) ने सोमवार को फिल्म अभिनेत्री अमीषा पटेल के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया है। वह सम्मन भेजने के बावजूद कोर्ट में हाजिर नहीं हो रही थी। अमीषा पटेल पर वर्ष 2017 में शादी समारोह में कार्यक्रम के नाम पर 14.50 लाख रुपये लेने के बाद भी नहीं आने का आरोप है। कार्यक्रम आयोजक मुरादाबाद निवासी पवन वर्मा ने कोर्ट में वाद दायर किया था।

थाना कटघर क्षेत्र के डबल फाटक निवासी एक इवेंट कम्पनी के मालिक पवन वर्मा ने बताया कि 16 नवम्बर 2017 को आयुष अग्रवाल की शादी में अमीषा पटेल को बुलाया गया था। उन्होंने 14.50 लाख रुपये का अग्रिम भुगतान किया था। शहर के दिल्ली रोड होलीडे रीजेंसी होटल में ठहरने और भोजन की व्यवस्था भी की थी। फिर भी अभिनेत्री अमीषा पटेल मुंबई से मुरादाबाद नहीं पहुंचीं। बातचीत करने पर उन्होंने पूरी राशि वापस करने का वादा किया था। इस बीच अभिनेत्री की तरफ से 10 लाख रुपये नकद और 4.50 लाख रुपये का चेक दिया गया लेकिन यह बाउंस हो गया था।

इस मामले में पवन वर्मा ने कोर्ट में मुकदमा दायर किया। इस मामले में अतिरिक्त सिविल जज (जूनियर डिवीजन) कोर्ट ने अमीषा पटेल को उपस्थित होने के लिए कई बार सम्मन भेजा था, लेकिन वह हाजिर नहीं हुई। अब कोर्ट ने हाजिर होने के लिए गैर जमानती वारंट जारी कर दिया है। पवन वर्मा का कहना कि अमीषा पटेल न्याय से बचने का प्रयास कर रही हैं।

वहीं अमीषा पटेल के अधिवक्ता अभिषेक शर्मा का कहना कि यह 2017 का पुराना विवाद है। समझौते के बाद अभिनेत्री ने पूरा पैसा वापस लौटा दिया था। पवन वर्मा केस का दुरुपयोग कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि अमीषा पटेल शीघ्र ही कोर्ट में पेश होकर अपना पक्ष प्रस्तुत करेंगी।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें