
नोएडा, 08 फ़रवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सौ वर्ष पूर्ण होने पर नोएडा में रविवार को 26 जगहों पर हिन्दू सम्मलेन का आयोजन हुआ। इन सम्मेलनों का उद्देश्य हिंदू समाज में संगठन, सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना तथा राष्ट्रीय दायित्वों के प्रति जागरूकता को सुदृढ़ करना रहा।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचार प्रमुख शुभ्रांशु झा ने बताया कि सेक्टर 78 स्थित वेद वन पार्क में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता उद्यमी और सामाजिक कार्यकर्ता सीमा कमल कुमार ने की। मुख्य अतिथि रवि शंकर ने संघ का 100 वर्ष की यात्रा को विस्तृत रूप से उपस्थित जन समुदाय को बताया। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि डॉ नरेश शर्मा ने गौ रक्षा के महत्व के बारे में लोगों को बताया। इस दौरान अतिथि आशीष गोडसे ने धर्मान्तरण से होने वाले हानि के बारे में समझाया। कार्यक्रम में स्थानीय बच्चों ने पहलगाम आतंकी हमले के उपर नाटक प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में 4 हजार से अधिक लोगों ने भाग लिया।
उन्होंने बताया कि नोएडा के सेक्टर 121 में विराट हिन्दू सम्मेलन का आयोजन हुआ जिसमे रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल नितिन कोहली,विश्व हिन्दू परिषद् की मेरठ प्रान्त उपाध्यक्ष से छाया सिंह , सेवा भर्ती से अनीता ने उपस्थित रहे। यहां पर 1500 से अधिक लोग उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि सेक्टर 40 स्थित विजयदशमी मैदान में सम्मलेन में मुख्य वक्ता आनंद पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 स्वामी बालकानंद गिरी जी महाराज ने हिन्दू दर्शन के बारे में बताया। मुख्या वक्ता संघ के विभाग कार्यवाह विनोद कौशिक ने संघ के सौ वर्ष की यात्रा के बारे में बताया।
विभिन्न सोसाइटियों में हिंदू सम्मेलन आयोजित
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचार प्रमुख शुभ्रांशु झा ने इन आयोजनों के बारे में बताया कि सेक्टर 117 से 120 की विभिन्न सोसाइटियों द्वारा आज विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ शिव मंदिर से निकाली गई “सनातन गौरव यात्रा” से हुआ, जो सम्मेलन स्थल तक पहुंची। इसके बाद 11 कुंडीय यज्ञ का आयोजन हुआ, जिससे वातावरण पूर्णतः वैदिक एवं सनातनमय हो गया। कार्यक्रम के अध्यक्ष डॉ. दिनेश यादव रहे। विशिष्ट अतिथि महावीर जी (पूर्व आरएसएस प्रचारक) ने संघ के 100 वर्षों के योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संघ का स्वयंसेवक केवल उद्घोष नहीं करता, उसे पूर्ण भी करता है। उन्होंने गोवा मुक्ति एवं कश्मीर जैसे विषयों पर संघ के योगदान का उल्लेख किया। विजय शंकर तिवारी ((केंद्रीय सह मंत्री एवं अखिल भारतीय प्रचार-प्रसार प्रमुख, विश्व हिंदू परिषद)) ने कहा कि संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने पर विश्व संघ को जानना चाहता है और ऐसे आयोजन समाज जागरण के लिए आवश्यक हैं। मुख्य अतिथि प्रो. डॉ. पवन सिन्हा ने समाज में व्याप्त जातिगत विभाजन व विषमताओं को समाप्त करने पर बल देते हुए कहा कि हिंदू समाज को एकता के सूत्र में बांधना समय की आवश्यकता है। कार्यक्रम में तानसेन विद्यालय एवं सोसाइटी के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं।
सेक्टर-77 हिंदू सम्मेलन संपन्न
उन्होंने बताया कि हिन्दू सम्मेलन आयोजन समिति सेक्टर-77, नोएडा द्वारा विशाल हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में हजारों लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रसिद्ध समाजसेवी सी एम शर्मा ने की। कथा वाचक अमित द्विवेदी ने हिंदुत्व की महानता पर प्रेरणादायक उद्बोधन दिया। मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संपर्क प्रमुख नोएडा विभाग सुरेंद्र सिंह चौहान ने संघ के सौ वर्षों की यात्रा पर प्रकाश डाला। केशव भाग संघचालक सतीश शर्मा ने पंच परिवर्तन’ विषय पर अपने विचार साझा किए। रजत बागची का दशावतार पर प्रेरणादायक विचार रहे।
