इतिहास के पन्नों में 8 फरवरीः स्वतंत्रता सेनानी, राजनेता, कानून विशेषज्ञ व सुप्रसिद्ध साहित्यकार केएम मुंशी का निधन

0
9

8 फरवरी 1971 में कन्हैयालाल माणिकलाल मुंशी का 84 साल की उम्र में निधन हो गया। 29 दिसंबर 1887 में भड़ोच (गुजरात) में जन्मे कन्हैयालाल मुंशी प्रमुख स्वतंत्रता सेनानी, राजनेता, कानून विशेषज्ञ व सुप्रसिद्ध साहित्यकार रहे जो बम्बई के गृहमंत्री, उत्तर प्रदेश के राज्यपाल के रूप में भी अपनी सेवाएं दीं। वे भारत सरकार के खाद्य मंत्री पद पर भी रहे। उन्होंने मुम्बई में भारतीय विद्या भवन की स्थापना की। इसके साथ ही उनका साहित्यिक अवदान उल्लेखनीय रहा।

सरदार वल्लभभाई पटेल के नेतृत्व में 1928 के बारदोली सत्याग्रह में कन्हैयालाल मुंशीजी ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। उन्होंने 1930 में महात्मा गांधी के नमक सत्याग्रह में सपत्नीक भागीदारी की। नमक सत्याग्रह में हिस्सा लेने के कारण उन्हें छह महीने का कारावास भुगतना पड़ा। 1931 में सविनय अवज्ञा आन्दोलन में भाग लेने के दण्डस्वरूप उन्हें दो साल की सजा सुनायी गयी। 1937 में कन्हैयालाल मुंशी को तत्कालीन बॉम्बे प्रेसीडेंसी की पहली निर्वाचित सरकार में मंत्री पद पर नियुक्त किया गया।

नवम्बर, 1938 में उन्होंने भारतीय विद्या भवन की स्थापना की ताकि भारत के वर्तमान तथा भविष्य को भारत के सांस्कृतिक और वैचारिक पुनर्जागरण से संजोया जा सके। 1938 में मुंशी और उनके तीन मित्रों द्वारा दिये गये 250 रुपये प्रति वर्ष के योगदान से स्थापित भारतीय विद्या भवन के आज सारे विश्व में लगभग 120 केंद्र और इनसे जुड़े हुए 350 से अधिक शैक्षणिक संस्थान हैं। भवन से संबंधित कई संस्थानों में इंजीनियरिंग, सूचना प्रौद्योगिकी, मैनेजमेंट, संचार व पत्रकारिता, विज्ञान, कला व वाणिज्य की पढ़ाई की व्यवस्था है।

1947 में हैदराबाद के निज़ाम ने अपनी रियासत को स्वतंत्र राष्ट्र की मान्यता देने की माँग की तो इसे सुलझाने के लिए भारत सरकार ने केएल मुंशी को हैदराबाद में भारत सरकार का प्रतिनिधि (एजेंट जनरल) नियुक्त किया। हैदराबाद राज्य के भारत में विलय के बाद तत्कालीन गृह मंत्री सरदार पटेल ने इस अभियान में मुंशी की अहम भूमिका की बहुत प्रशंसा की।

डॉ. राजेंद्र प्रसाद के राष्ट्रपति चुने जाने के बाद मुंशी केंद्रीय मंत्रिमण्डल में उनके स्थान पर कृषि व खाद्य मंत्री बने। इसी दौरान उन्होंने पर्यावरण तथा वानिकी के संरक्षण के लिए कई कारगर प्रयास आरम्भ किये। हर वर्ष जुलाई में आयोजित वन महोत्सव कन्हैयालाल मुंशी के उन्हीं प्रयासों की ही देन है।

स्वतंत्र भारत में सोमनाथ मंदिर का पुनर्निर्माण भी केएम मुंशी के एजेंडे पर था। 1952 से 1957 तक कन्हैयालाल मुंशी उत्तर प्रदेश राज्य के राज्यपाल रहे। 1959 में केएम मुंशी कांग्रेस की सदस्यता से त्यागपत्र देकर चक्रवर्ती राजगोपालाचारी की स्वतंत्र पार्टी में शामिल हो गये। इसके कुछ समय बाद उन्होंने भारतीय जनसंघ की सदस्यता ग्रहण कर ली।

कन्हैयालाल मुंशी की साहित्यिक उपलब्धियां विशिष्ट हैं। उन्होंने यंग इण्डिया अखबार का सम्पादन और मुंशी प्रेमचंद के साथ हंस पत्रिका का सम्पादन किया। उन्होंने गुजराती, हिंदी व अंग्रेज़ी में सौ से अधिक उत्कृष्ट ग्रंथों की रचना की। उन्होंने सरदार पटेल के साथ मिल कर आणंद में भारतीय कृषि संस्थान की स्थापना, जो आज एक पूर्ण विश्वविद्यालय है।

अन्य अहम घटनाएंः

1238 – मंगाेलों ने व्लादिमीर नामक रूसी शहर को आग के हवाले किया।

1785 – 1774 से 1785 तक गर्वनर जनरल रहे वारेन हेस्टिंग्स ने भारत छोड़ा।

1872- अंडमान जेल (सेल्यूलर जेल या ‘कालापानी’) में शेर अली ने गवर्नर पर हमला कर शहादत प्राप्त की।

1905 – हैती और उसके आसपास के द्वीप समूहों पर आये जबरदस्त चक्रवाती तूफान से दस हजार लोगों की मौत।

1909 – यूरोपीय देश फ्रांस और जर्मनी के बीच मोरक्को संधि पर हस्ताक्षर किये गये।

1943 – स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस जर्मनी के केल से एक नौका के जरिये जापान के लिये रवाना हुये।

1971 – दक्षिणी वियतनामी सेना ने लाओस पर हमला किया।

1979 – अमेरिका ने नेवादा में परमाणु परीक्षण किया।

1986 – दिल्ली हवाई अड्डे पर पहली बार प्रीपेड टैक्सी सेवा शुरु की गई।

1994 – क्रिकेटर कपिल देव ने टेस्ट मैचों में 432 विकेट लेकर रिचर्ड हैडली के सबसे अधिक विकेट लेने के विश्व रिकार्ड को ध्वस्त किया।

1999 – अमेरिकी अंतरिक्ष यान स्टारडस्ट केनेडी अंतरिक्ष केंद्र से रवाना।

2002 – भारत व रूस के बीच चार रक्षा समझौते सम्पन्न, विमानवाहक पोत गोर्शकोव का सौदा अटका।

-अमेरिका के साल्ट लेक सिटी में 19वें शीतकालीन ओलंपिक खेल शुरु।

2005 – इजराइल और फ़िलिस्तीन के बीच शर्म अल शेख़ (मिस्र) शिखर सम्मेलन में हिंसा समाप्त करने की घोषणा।

2006 – सिओल में भारत और दक्षिण कोरिया के बीच तीन समझौते सम्पन्न।

2007 – भूटान नरेश की प्रथम भारतीय यात्रा।

2008- बैंगलौर स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ़ साइंस के वरिष्ठ वैज्ञानिक शांतनु भट्टाचार्य, जीडी बिड़ाला पुरस्कार से सम्मानित।

-उड़ीसा के शिशुपालगढ़ में खुदाई के दौरान 2500 वर्ष पुराना शहर मिला।

2009- पूर्व सैनिकों ने सरकार की बेरुखी से क्षुब्ध होकर अपने पदक राष्ट्रपति को लौटाए।

2010- श्रीनगर के पास खिलनमर्ग क्षेत्र में हिमस्खलन में सेना के हाई एल्टीट्यूड वारफेयर स्कूल के 350 जवान बर्फ़ के नीचे दब गए। इनमें से 70 सैनिकों को सुरक्षित निकाल लिया गया जबकि 11 सैनिकों के शव निकाले गए।

2014 – सऊदी अरब के मदीना शहर में एक होटल में आग के कारण 15 लोगों की मौत जबकि 130 लोग घायल हुए।

जन्म

1897 – डॉ. ज़ाकिर हुसैन- स्वतंत्र भारत के तीसरे राष्ट्रपति

1925 – शोभा गुर्टू – प्रसिद्ध भारतीय ठुमरी गायिका

1928 – बाला देसाई – गोमांतक दल के सदस्य।

1941 – जगजीत सिंह- मशहूर ग़ज़ल गायक

1939 – जेम्स माइकल लिंगदोह – भारत के बारहवें ‘मुख्य चुनाव आयुक्त

1951 – अशोक चक्रधर – हिन्दी के मंचीय कवियों में से एक हैं

1963 – अज़हरुद्दीन मोहम्मद – भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और कांग्रेस नेता

1986 – एकता बिष्ट- भारतीय महिला क्रिकेटर

1834 – दमित्री मेंडलीव – आवर्त सारणी तैयार करने वाले रूसी रसायन वैज्ञानिक थे

निधन

1265 – हुलेगु ख़ान -‘इलख़ानी साम्राज्य’ का संस्थापक

1971 – कन्हैयालाल माणिकलाल मुंशी – स्वतंत्रता सेनानी, महान् लेखक, शिक्षाविद और राजनीतिज्ञ

1995 – कल्पना दत्त – आज़ादी के लिए संघर्ष करने वाली महिला क्रांतिकारियों में से एक

1995 – टीका राम पालीवाल – राजस्थान के चौथे मुख्यमंत्री थे—

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें