हत्या की तरह है चाइनीज मांझे से हाेने वाली माैत : सीएम योगी

0
73

-चाइनीज मांझे से हो रही दुर्घटनाओं पर मुख्यमंत्री का कड़ा रुख-उपलब्धता कैसे हो रही है चाइनीज मांझे की ? सीएम ने दिया पुलिस को सघन छापेमारी का निर्देश-राज्यव्यापी अभियान चलाकर एक्शन लेने के निर्देश, कार्रवाई की होगी उच्चस्तरीय समीक्षा

लखनऊ, 05 फरवरी (हि.स.)। प्रदेश में चाइनीज मांझे से होने वाली दुर्घटनाओं को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़ा रुख अपनाया है। उनका मानना है कि किसी व्यक्ति की चाइनीज मांझे की वजह से होने वाली मृत्यु हत्या की तरह है। इस तरह के मामलों में संबंधित के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि चाइनीज मांझा पूरी तरह प्रतिबंधित है और इसके बावजूद इसकी उपलब्धता गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने पुलिस को प्रदेशव्यापी सघन छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान चाइनीज मांझे की बिक्री ही नहीं, बल्कि भंडारण व परिवहन पर भी कठोर नजर रखी जाएगी।

जन-सुरक्षा से कोई समझौता नहीं: योगी

सीएम योगी ने प्रदेश भर में विशेष अभियान चलाकर चाइनीज मांझे की आपूर्ति श्रृंखला को पूरी तरह तोड़ने के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने इस अभियान की प्रगति और कार्रवाई की उच्च स्तर पर नियमित समीक्षा करने का भी निर्देश दिया है, ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि जनता की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता है। चाइनीज मांझा न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह आमजन, बच्चों और पशु-पक्षियों के लिए जानलेवा खतरा भी है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश को इस खतरनाक मांझे से पूरी तरह मुक्त किया जाए।

छापेमारी शुरू

सीएम योगी के सख्त रुख को देखते हुए प्रदेश भर में छापेमारी शुरू हो गई है। राजधानी लखनऊ में पुलिस अधिकारियों ने चाइनीज मांझा बेचने वाली दुकानों की छानबीन की और जब्ती की कार्यवाही भी की। इसी प्रकार की कार्यवाही प्रदेश के अन्य जिलाें में भी की जा रही है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें