उतार-चढ़ाव के बीच बढ़त के साथ बंद हुआ शेयर बाजार

0
7

निवेशकों ने एक दिन में कमाए 1.87 करोड़

नई दिल्ली, 04 फ़रवरी (हि.स.)। आईटी सेक्टर में आई जबरदस्ती गिरावट के बावजूद घरेलू शेयर बाजार आज बढ़त के साथ बंद होने में सफल रहा। आज के कारोबार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई थी। बाजार खुलते ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे पहले आधे घंटे में ही सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक उछल कर हरे निशान में पहुंच गए। इसके बाद पूरे दिन बाजार में लिवालों और बिकवालों के बीच खींचतान चलती रही, जिसकी वजह से दोनों सूचकांकों की चाल भी ऊपर-नीचे होती रही। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.09 प्रतिशत और निफ्टी 0.19 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद होने में सफल रहे।

आज के कारोबार के दौरान आईटी सेक्टर जबरदस्त गिरावट का शिकार हो गया। एंथ्रोपिक द्वारा नये वर्कप्लेस प्रोडक्टिविटी और ऑटोमेशन टूल्स लॉन्च करने के कारण आईटी सेक्टर में खलबली मची रही, जिसकी वजह से निफ्टी का आईटी इंडेक्स 5.87 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ। इसी तरह हेल्थकेयर और टेक इंडेक्स भी गिरावट के साथ बंद हुए। दूसरी ओर, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, मेटल और रियल्टी सेक्टर के शेयरों में लगातार खरीदारी होती रही। इसी तरह पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज, ऑयल एंड गैस, कैपिटल गुड्स और बैंकिंग सेक्टर के शेयरों में भी खरीदारी का जोर बना रहा। ब्रॉडर मार्केट में भी आज आमतौर पर खरीदारी होती रही, जिसके कारण बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 0.51 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 1.02 प्रतिशत की बढ़त के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई मजबूती के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में पौने दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 469.02 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी मंगलवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 467.15 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 1.87 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।

आज दिनभर के कारोबार में बीएसई में 4,366 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,726 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 1,477 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 163 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,923 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 2,012 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 911 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 23 शेयर बढ़त के साथ और 7 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 37 शेयर हरे निशान में और 13 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 487.07 अंक की गिरावट के साथ 83,252.06 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारी शुरू हो जाने के कारण पहले आधे घंटे में ही यह सूचकांक उछल कर हरे निशान में पहुंच गया। हालांकि इसके बाद बाजार में मुनाफा वसूली शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक ने दोबारा लाल निशान में गोता लगा दिया। दोपहर एक बजे के बाद खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली का जोर बनाया, जिससे सेंसेक्स रिकवरी करके 208.40 की मजबूती के साथ 83,947.53 अंक के स्तर तक आ गया। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 78.56 अंक की मामूली बढ़त के साथ 83,817.69 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 52.50 अंक टूट कर 25,675.05 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद इस सूचकांक की चाल में लगातार उतार-चढ़ाव होता रहा। बिकवाली के दबाव में निफ्टी 163.60 अंक फिसल कर 25,563.95 अंक तक गिर गया। वहीं खरीदारी का सपोर्ट मिलने पर इसने निचले स्तर से 250 अंक से अधिक रिकवरी कर 91 अंक की मजबूती के साथ 25,818.55 अंक के स्तर तक पहुंचने में सफलता हासिल की। हालांकि कारोबार के आखिरी आधे घंटे में मुनाफा वसूली शुरू हो जाने के कारण निफ्टी ऊपरी स्तर से 110 अंक से अधिक लुढ़क कर 48.45 अंक की तेजी के साथ 25,776 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिनभर के कारोबार के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से एटरनल 5.13 प्रतिशत, ट्रेंट लिमिटेड 4.96 प्रतिशत, ओएनजीसी 3.87 प्रतिशत, एनटीपीसी 2.43 प्रतिशत और अदानी पोर्ट्स 2.42 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, इंफोसिस 7.26 प्रतिशत, टीसीएस 7.01 प्रतिशत, एचसीएल टेक्नोलॉजी 4.34 प्रतिशत, टेक महिंद्रा 4.15 प्रतिशत और विप्रो 3.85 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

#शेयरबाजार,

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें