हाईटेक मीडिया टावर से बदलेगा बरेली का स्काईलाइन

0
1

रामगंगानगर में 2.5 करोड़ की परियोजना

बरेली, 05 फरवरी (हि.स.) । शहर को डिजिटल पहचान देने की दिशा में बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने आधुनिक मीडिया हब विकसित करने की तैयारी शुरू कर दी है। रामगंगानगर आवासीय योजना के सेक्टर-सात में करीब 2.5 करोड़ रुपये की लागत से 11 मीटर ऊंचा अत्याधुनिक मीडिया टावर बनाया जाएगा। दावा किया जा रहा है कि यह प्रदेश का पहला मीडिया टावर होगा, जिसे कोयंबटूर मॉडल की तर्ज पर विकसित किया जाएगा।

बीडीए उपाध्यक्ष डॉ. ए. मनिकंडन के अनुसार टावर में आठ मीटर का विशाल डिस्प्ले एरिया होगा, जिस पर 5,000 से अधिक एलईडी लगाई जाएंगी। लाखों रंगों और फ्लिकर इफेक्ट के साथ यह टावर रात में आकर्षक दृश्य प्रस्तुत करेगा। इसकी ढलानदार स्क्रीन सिंगापुर के गार्डन बाय द वे पार्क से प्रेरित होगी।

अधिकारियों का कहना है कि टावर के जरिए केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। साथ ही व्यावसायिक विज्ञापनों के प्रसारण से राजस्व भी अर्जित होगा। परियोजना में आधुनिक कंट्रोल रूम स्थापित कर इसे इन्फोटेनमेंट हब के रूप में संचालित किया जाएगा।

मुख्य अभियंता एपीएन सिंह ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। बीडीए का दावा है कि परियोजना से शहर की सुंदरता व पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, हालांकि खर्च को लेकर सवाल भी उठने लगे हैं।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें