हंगामें की भेंट चढ़ी लोकसभा की कार्यवाही, सुचारू रहा राज्यसभा का कामकाज

0
18

नई दिल्ली, 06 फ़रवरी (हि.स.)। संसद के बजट सत्र के आठवें दिन शुक्रवार को भी लोकसभा में विपक्ष का हंगामा जारी रहा। जिसके बाद लोकसभा की कार्यवाही 9 फरवरी को सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। वहीं, राज्यसभा में कामकाज सुचारू रूप से चला।

राज्यसभा में आज शून्य काल में ऑनलाइन गेमिंग, आयुष मंत्रालय से पैरों के इलाज, कंपनी में माता-पिता की देखरेख के लिए अवकाश की मांग सहित रेलवे मंत्रालय से जुड़े सवालों के जवाब दिए गए। भोजनावकाश के बाद 02 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होते ही सदस्यों ने निजी विधेयकों को पटल पर रखा। जिसके बाद सदन की कार्यवाही सोमवार तक के लिए स्थगित कर दी गई।

लोकसभा में

सदन की कार्यवाही पूर्वाह्न 11 बजे शुरू होते ही प्रश्नकाल के दौरान विपक्षी सदस्यों ने नारेबाजी शुरू कर दी और हाथों में प्लेकार्ड लेकर सदन के बीचोंबीच आ गए। इस पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि बजट सत्र में अब तक सदन के 19 घंटे 13 मिनट हंगामे की भेंट चढ़ चुके हैं।

अध्यक्ष ने कहा कि प्रश्नकाल सभी सदस्यों का समय होता है और जनता ने सांसदों को चर्चा और संवाद के लिए भेजा है, न कि पोस्टर और नारेबाजी के लिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि नियोजित तरीके से गतिरोध पैदा कर सदन की मर्यादा समाप्त की जाती है तो सदन को चलाना संभव नहीं है।

अध्यक्ष के बार-बार आग्रह के बावजूद हंगामा नहीं थमने पर सदन की कार्यवाही पहले 12 बजे तक स्थगित की गई। दोपहर में कार्यवाही पुनः शुरू होने पर भी विपक्ष का शोरशराबा जारी रहा।

पीठासीन सदस्य कृष्ण प्रसाद तेन्नेटी ने बताया कि स्थगन प्रस्ताव की किसी भी सूचना को अध्यक्ष ने अनुमति नहीं दी है।

नारेबाजी के बीच स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा सहित कई मंत्रियों ने सभा पटल पर प्रस्ताव रखे। पीठासीन अधिकारी ने विपक्षी सदस्यों से अपील की कि बजट पर चर्चा के दौरान वे अपने सभी विषय उठा सकते हैं और कार्यवाही को बाधित न करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सदन में प्लेकार्ड लाना नियमों के विरुद्ध है।

लगातार व्यवधान के कारण लोकसभा की कार्यवाही सोमवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें