मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद की तर्ज पर मस्जिद निर्माण शुरू

0
2

मुर्शिदाबाद, 11 फरवरी (हि. स.)। जिले के बेलडांगा अंतर्गत रेजीनगर में निलंबित तृणमूल कांग्रेस विधायक हुमायूं कबीर ने बुधवार को अयोध्या की बाबरी मस्जिद की तर्ज पर प्रस्तावित मस्जिद के निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत की। हाल ही में जनता उन्नयन पार्टी (जेयूपी) का गठन करने वाले कबीर ने दावा किया कि मस्जिद का निर्माण दो वर्षों के भीतर पूरा कर लिया जाएगा और इस पर लगभग 50 से 55 करोड़ रुपये की लागत आएगी। दोपहर के समय ईंट रखकर निर्माण कार्य प्रारंभ किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में समर्थक उपस्थित रहे और कई लोग ईंट सिर पर उठाकर प्रतीकात्मक रूप से निर्माण में सहभागी बने। कबीर ने कहा कि विभिन्न स्तरों पर विरोध के बावजूद मस्जिद निर्माण का कार्य जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि लोगों को अपने धर्म का पालन करने और मंदिर, चर्च या अन्य धार्मिक स्थल बनाने की स्वतंत्रता है। मेरा प्रयास इबादत और अपने धर्म के प्रति समर्पण का है। इसे किसी पर थोपने का प्रयास न समझा जाए। उन्होंने यह भी कहा कि कोई शक्ति इस मस्जिद के निर्माण को नहीं रोक सकती और निर्धारित समय में निर्माण पूरा किया जाएगा। हालांकि कबीर ने 235 किलोमीटर लंबी प्रस्तावित ‘बाबरी यात्रा’ को फिलहाल स्थगित करने की घोषणा की है। यह रैली नदिया जिले के पलाशी से उत्तर दिनाजपुर के इटाहार तक प्रस्तावित थी।

उन्होंने बताया कि माध्यमिक परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इसके स्थान पर गुरुवार को पलाशी से बेलडांगा तक 22 किलोमीटर की पदयात्रा आयोजित की जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में समर्थकों के शामिल होने का दावा किया गया है।

उल्लेखनीय है कि कबीर ने गत वर्ष छह दिसंबर को, बाबरी मस्जिद विध्वंस की बरसी के दिन, इस मस्जिद की आधारशिला रखी थी। उस समय इस कदम पर राज्य में तीखी राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आई थीं। बताया गया था कि प्रारंभिक दो दिनों में ही करीब 2.85 करोड़ रुपये का चंदा एकत्र किया गया। भरतपुर से विधायक कबीर को कथित दल-विरोधी गतिविधियों के आरोप में तृणमूल कांग्रेस से निलंबित किया गया था, जिसके बाद उन्होंने अपनी नई पार्टी की घोषणा की। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी दोनों से मुकाबला करने की बात कही है।

इधर, भाजपा नेता दिलीप घोष ने आरोप लगाया कि मस्जिद निर्माण का उद्देश्य “मुस्लिम वोट बैंक को संगठित करना” है। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता विकास के मुद्दों पर निर्णय लेगी। वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा था कि बाबरी मस्जिद दोबारा नहीं बनाई जाएगी।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें