भारत-अमेरिका ट्रेड डील ऊर्जा-सुरक्षा और किसानों के साथ खिलवाड़ : पायलट

0
2

जयपुर, 15 फ़रवरी (हि.स.)। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह डील देश की ऊर्जा-सुरक्षा, किसानों, छोटे एवं मध्यम व्यापारियों और युवाओं के हितों के खिलाफ है तथा इसके दूरगामी परिणाम गंभीर होंगे।

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित महिला कांग्रेस की बैठक में शामिल होने से पूर्व पत्रकारों से बातचीत में पायलट ने कहा कि इस समझौते से विशेष रूप से कपास और सोयाबीन उत्पादक किसानों को नुकसान होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने जानबूझकर छोटे व्यापारियों, नौजवानों और दुग्ध उत्पादकों के भविष्य को दांव पर लगा दिया है।

पायलट ने कहा कि यूरोपीय संघ के साथ हुई ट्रेड डील पूरी तरह व्यापारिक समझौता थी, लेकिन अमेरिका के साथ हुआ समझौता दबाव में किया गया प्रतीत होता है।

उन्होंने कहा कि पहले अमेरिका द्वारा भारत पर तीन से पांच प्रतिशत टैरिफ लगाया जाता था, जिसे बढ़ाकर 50 प्रतिशत तक कर दिया गया और अब उसे 18 प्रतिशत करने को उपलब्धि बताया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि लगभग 500 अरब डॉलर के व्यापार समझौते में क्या खरीदा जाएगा और किस कीमत पर खरीदा जाएगा, इस पर स्पष्टता नहीं है।

ऊर्जा सुरक्षा के मुद्दे पर पायलट ने कहा कि यह पहली बार है जब भारत जैसे ताकतवर देश की ऊर्जा-सुरक्षा से समझौता किया गया है।

उन्होंने सवाल उठाया कि कोई दूसरा देश यह कैसे तय कर सकता है कि भारत को तेल कहां से खरीदना है और कहां से नहीं। रूस से तेल खरीदने के मुद्दे पर सरकार में स्पष्टता नहीं है और मंत्रीगण एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने संसद के अंदर और बाहर इन मुद्दों को लगातार उठाया है, लेकिन सरकार के पास उनके सवालों का ठोस जवाब नहीं है। पायलट ने जनता से इन विषयों पर जागरूक और सतर्क रहने की अपील की।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें