बारात निकलने से पहले नहर में गिरकर दूल्हे की मौत, मातम में बदलीं खुशियां

0
1

मीरजापुर, 05 फ़रवरी (हि.स.)। लालगंज थाना क्षेत्र के निनवार दक्षिण गांव में गुरुवार को खुशियों से सजा घर देखते ही देखते मातम में डूब गया। जिस युवक की बारात निकलने की तैयारियां चल रही थीं, उसी के घर से कुछ ही घंटों बाद अर्थी उठी। 27 वर्षीय दूल्हा पुष्पेंद्र पटेल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार गुरुवार को पुष्पेंद्र पटेल की शादी होनी थी। वह दिन में किसी काम से बाइक लेकर अकेले घर से निकला था। गांव के पास स्थित बाणसागर नहर के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई। हादसे में वह नहर में डूब गया।घटना का पता तब चला जब गांव के बच्चों ने नहर में गिरी बाइक देखी और शोर मचाया। काफी देर तक पुष्पेंद्र के घर न लौटने पर परिजन भी उसकी तलाश में जुट गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने बाइक नंबर के आधार पर परिजनों को सूचना दी। परिजन वहां पहुंचे तो बाइक की पहचान पुष्पेंद्र की बताई गई।

तलाश के दौरान युवक के नहर में गिरने की पुष्टि होते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बुधवार को ही पुष्पेंद्र और उसके छोटे भाई उपेंद्र का तिलकोत्सव संपन्न हुआ था। घर में मेहमान जुटे थे, मंगल गीत गूंज रहे थे और शादी की तैयारियां अंतिम दौर में थीं।बताया गया कि 5 फरवरी को पुष्पेंद्र और 9 फरवरी को उसके छोटे भाई उपेंद्र की शादी होनी थी।

पुष्पेंद्र लालगंज की ओर जाने के लिए निकला था, लेकिन रास्ते में यह हादसा हो गया। परिजन और ग्रामीण उसे आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन उसे मंडलीय अस्पताल मिर्जापुर भी ले गए, लेकिन वहां भी डॉक्टरों ने मौत की पुष्टि कर दी।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। देर शाम पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। जिस समय बारात निकलने की तैयारी थी, उसी समय घर से अर्थी उठते देख हर आंख नम हो गई।

लालगंज थाना प्रभारी अभय कुमार सिंह ने बताया कि पुष्पेंद्र पटेल दो भाइयों में बड़ा था। शादी की खुशियों के बीच हुई इस दर्दनाक घटना से गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। परिजन पोस्टमार्टम के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए लेकर चले गए।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें