न्यायालय के आदेश पर चला बुलडोजर

0
2

सीतापुर, 05 फ़रवरी (हि.स.)। सदरपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए वर्षों पुराने अवैध कब्जों पर बुलडोजर चला दिया। यह कार्रवाई सदरपुर थाने के पास स्थित तालाब की भूमि पर की गई! यहां करीब 40 वर्षों से अवैध कब्जा कर पक्के मकान बना लिए गए थे। प्रशासन की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कम्प मच गया।

तालाब की गाटा संख्या 379 पर रिजवान, फुरकान और इमरान पुत्र हसमत द्वारा लम्बे समय से कब्जा किया गया था। इस मामले को लेकर उच्च न्यायालय में जनहित याचिका दाखिल की गई थी। सुनवाई के बाद न्यायालय ने तालाब की भूमि को कब्जा मुक्त कराने के स्पष्ट आदेश दिए थे। इसी के अनुपालन में जिला प्रशासन ने यह सख्त कदम उठाया।

गुरुवार को प्रशासनिक टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और बुलडोजर की मदद से अवैध रूप से निर्मित मकानों को ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए, लेकिन पुलिस बल की मुस्तैदी के चलते किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होने दी गई।

मौके पर क्षेत्राधिकारी वेद प्रकाश श्रीवास्तव, तहसीलदार अनिल कुमार राम, नायब तहसीलदार राज बहादुर, लेखपाल सहित राजस्व विभाग की टीम मौजूद रही। सुरक्षा व्यवस्था के लिए सदरपुर के साथ थाना थानगांव और रामपुर मथुरा की पुलिस फोर्स भी तैनात रही। तहसीलदार अनिल कुमार राम ने बताया कि तालाब की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर उसका सीमांकन कराया जाएगा, ताकि भविष्य में दोबारा कब्जा न हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी व सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें