उप्र बजट : अवस्थापना और औद्योगिक विकास को रफ्तार, 27,103 करोड़ का प्रावधान,जेवर एयरपोर्ट के लिए 750 करोड़

Date:

-नागरिक उड्‌डयन हेतु 2111 करोड़ का प्रावधान किया गया

लखनऊ, 11 फरवरी(हि.स.)। वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में प्रदेश सरकार ने अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास को प्राथमिकता देते हुए 27 हजार 103 करोड़ रुपये की व्यवस्था प्रस्तावित की है। यह राशि वर्ष 2025-26 की तुलना में 13 प्रतिशत अधिक है। वहीं नागरिक उड्‌डयन के लिए दो हजार 111 करोड़ रुपये की व्यवस्था प्रस्तावित है।

बजट भाषण के दौरान वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि मुख्यमंत्री औद्योगिक क्षेत्र विस्तारीकरण एवं नये औद्योगिक क्षेत्र प्रोत्साहन योजना के लिए पांच हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इस पहल का उद्देश्य नए औद्योगिक क्षेत्रों की स्थापना और मौजूदा क्षेत्रों के विस्तार के माध्यम से प्रदेश में निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाना है। स्वामी विवेकानन्द युवा सशक्तिकरण योजना के अंतर्गत युवाओं को टैबलेट और स्मार्ट फोन वितरण की प्रक्रिया जारी है। डिजिटल सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए इस योजना में दो हजार 374 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है।

अटल इन्फ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत अवस्थापना विकास के लिए दो हजार करोड़ रुपये प्रस्तावित किए गए हैं, जिससे औद्योगिक गतिविधियों को आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। प्रदेश में विदेशी निवेश आकर्षित करने के लिए घोषित प्रोत्साहन नीति-2023 के क्रियान्वयन हेतु 1,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसका लक्ष्य फॉरेन डायरेक्ट इन्वेस्टमेंट (एफडीआई) और फॉर्च्यून-500 कंपनियों को प्रदेश में निवेश के लिए प्रेरित करना है।

डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर परियोजना भी तेजी से आगे बढ़ रही है। अब तक 200 रक्षा उद्योगों की स्थापना के लिए एमओयू हस्ताक्षरित किए जा चुके हैं। इनसे 35 हजार 280 करोड़ रुपये के निवेश और 53 हजार 263 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने का अनुमान है। बजट में किए गए इन प्रावधानों से स्पष्ट है कि सरकार औद्योगिक विकास और निवेश आकर्षण के जरिए प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई देने की दिशा में ठोस रणनीति पर कार्य कर रही है।

एक्सप्रेसवे नेटवर्क के सहारे औद्योगिक कॉरिडोर विस्तार को नई रफ्तार उत्तर प्रदेश सरकार ने बजट में एक्सप्रेसवे परियोजनाओं के समानांतर औद्योगिक विकास और पूंजी निवेश को प्रोत्साहित करने की रणनीति को और गति देते हुए औद्योगिक कॉरिडोर विकास के लिए चालू वित्तीय वर्ष का प्रावधान 300 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 900 करोड़ रुपये कर दिया है। आगरा-लखनऊ और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाले नए लिंक एक्सप्रेसवे हेतु 675 करोड़ रुपये के स्थान पर 1400 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जबकि जेवर एयरपोर्ट से गंगा एक्सप्रेसवे वाया बुलंदशहर तक प्रवेश नियंत्रित ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के लिए बजट 1000 करोड़ से बढ़ाकर 1100 करोड़ रुपये किया गया है।

इसी क्रम में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से गंगा एक्सप्रेसवे (जनपद हरदोई वाया फर्रुखाबाद) तक प्रस्तावित ग्रीनफील्ड मार्ग के लिए 900 करोड़ से बढ़ाकर 1250 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। गंगा एक्सप्रेसवे को प्रयागराज, मीरजापुर, वाराणसी, चंदौली होते हुए सोनभद्र तक जोड़ने वाले विन्ध्य एक्सप्रेसवे के निर्माण तथा मेरठ से हरिद्वार तक गंगा एक्सप्रेसवे के विस्तारीकरण के लिए क्रमशः 500-500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अतिरिक्त सोनभद्र से चंदौली और गाजीपुर होते हुए विन्ध्य एक्सप्रेसवे-पूर्वांचल लिंक स्पर के निर्माण हेतु भी 500 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। वहीं औद्योगिक परिदृश्य को हरित दिशा देने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश बायो-प्लास्टिक औद्योगिक नीति 2024 के अंतर्गत निवेशकों को प्रोत्साहन देने के लिए 119.37 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है। यह संपूर्ण ढांचा प्रदेश को एक्सप्रेसवे आधारित औद्योगिक अर्थव्यवस्था की ओर निर्णायक रूप से अग्रसर करने की रणनीति का संकेत देता है।

वित्त मंत्री ने कहा कि इस बजट में नागरिक उड्‌डयन के लिए दो हजार 111 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गयी है। इसमें से जेवर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की स्थापना के लिए 750 करोड़ रुपये और प्रदेश सरकार की हवाई पट्‌टियों के निर्माण विस्तार सुदृढ़ीकरण एवं भूमि अर्जन के लिए 1100 करोड़ रुपये की व्यस्था की गयी है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

पोस्ट साझा करें:

सदस्यता लें

spot_imgspot_img

लोकप्रिय

इस तरह और भी
संबंधित

निखिल सिद्धार्थ की पैन-इंडिया फिल्म ‘स्वयंभू’ का भव्य टीज़र रिलीज

साल 2026 की बहुप्रतीक्षित पैन-इंडिया फिल्मों में शामिल 'स्वयंभू'...

किसान-गरीब को बेचने वाले हमें समझौते पर नसीहत दे रहे:निर्मला सीतारमण

नई दिल्ली, 11 फ़रवरी (हि.स.)। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण...

कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, योगी आदित्यनाथ

पर्व-त्योहारों पर अराजक तत्वों से सख्ती से निपटें...
hi_INहिन्दी