उत्तर प्रदेश दिवस पर राष्ट्रपति सहित नेताओं ने दी शुभकामनाएं

0
3

प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस पर दी शुभकामनाएं

नई दिल्ली, 24 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु सहित केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्रियों और कई प्रमुख नेताओं ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं।प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस पर दी शुभकामनाएं दीं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए अपने सोशल मीडिया एक्स संदेश में कहा कि गौरवशाली इतिहास और समृद्ध संस्कृति की यह धरती भारत की विकास यात्रा का एक मजबूत आधार स्तंभ रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहेगा और राज्य के मेहनती व प्रतिभाशाली लोगों का भविष्य उज्ज्वल होगा।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस के अवसर पर राज्यवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और विरासत की समृद्धि में उत्तर प्रदेश का योगदान अमूल्य रहा है और यह प्रदेश देश की प्रगति में अहम भूमिका निभाता रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किए गए संदेश में कहा कि डबल इंजन सरकार और विकास को समर्पित प्रदेशवासियों की सक्रिय सहभागिता से उत्तर प्रदेश ने बीते नौ वर्षों में “बीमारू” राज्य से “बेमिसाल” प्रदेश बनने तक का सफर तय किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी देश की प्रगति को गति देने में उत्तर प्रदेश की सामर्थ्य बेहद उपयोगी सिद्ध होगी।

मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, परंपराएं और यहां के मेहनती लोग भारत की पहचान को और मजबूत करते हैं। उन्होंने प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि विकास की यह यात्रा आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश की स्थापना 24 जनवरी 1950 को हुई थी। शुरुआत में इसका नाम संयुक्त प्रांत था, जिसे बाद में उत्तर प्रदेश कहा गया।

केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने प्रदेश के स्थापना दिवस पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सनातन संस्कृति की अमूल्य विरासत से सिंचित उत्तर प्रदेश ने राष्ट्र को संस्कृति, साधना, शक्ति और संकल्प की दिशा दी है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार में उत्तर प्रदेश विकास और विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उत्तर प्रदेश को भारत की प्रकृति और संस्कृति का बड़ा प्रतीक बताते हुए कहा कि बीते वर्षों में प्रदेश ने सुशासन और विकास के नए अध्याय लिखे हैं और आगे भी प्रगति करता रहे, यही उनकी कामना है।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने उत्तर प्रदेश को गंगा-जमुनी तहज़ीब का महासंगम बताते हुए कहा कि यह प्रदेश अनेक संतों, महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों की जन्मभूमि और कर्मभूमि रहा है।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए आशा जताई कि उत्तर प्रदेश सद्भाव और प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि गंगा-जमुनी तहज़ीब का अद्भुत संगम, समृद्ध और गौरवशाली परंपराओं से परिपूर्ण उत्तर प्रदेश हमारी सांस्कृतिक विरासत की पहचान है।

उत्तर प्रदेशके मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विशेष रूप से प्रवासी उत्तर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि विदेशों में रहकर उन्होंने अपने परिश्रम और मूल्यों से प्रदेश और देश का मान बढ़ाया है। सरकार उनके अनुभव और ज्ञान को प्रदेश की विकास यात्रा से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अयोध्या, मथुरा, काशी और प्रयागराज की पावन धरा से सिंचित यह प्रदेश भारतीय संस्कृति और अस्मिता का जीवंत केंद्र है और आज देश की प्रगति का सशक्त ग्रोथ इंजन बन चुका है।

#उत्तरप्रदेशदिवस #राष्ट्रपति #प्रधानमंत्री_नरेन्द्र _मोदी #केंद्रीयगृह _मंत्री_ अमित_ शाह #रक्षामंत्रीराजनाथ _सिंह #कांग्रेस_ के_ राष्ट्रीय_ अध्यक्ष _मल्लिकार्जुन _खरगे #लोकसभा _नेता _प्रतिपक्ष _राहुल_ गांधी

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें