इंडो-नेपाल व्यापार मेला’ नई दिल्‍ली में 20 से 22 फरवरी तक पीएचडी चैंबर भवन में लगेगा

0
11

नई दिल्‍ली, 17 फरवरी (हि.स)। ‘इंडो-नेपाल व्यापार मेला’ 20 से 22 फरवरी तक नई दिल्ली के पीएचडी चैंबर भवन में लगाया जायेगा। व्यापार मेला के इस दूसरे संस्करण में 65 प्रदर्शनी स्टॉल होंगे। यह ऐतिहासिक द्विपक्षीय मेला भारत–नेपाल आर्थिक कूटनीति को और सुदृढ़ करते हुए दीर्घकालीन क्षेत्रीय सहयोग को बढ़ावा देगा।

प्रेस क्लब में मंगलवार को एक प्रेस कांफ्रेंस में एवरेस्ट चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (ईसीसीआई) के अध्यक्ष युवराज बराल ने इंडो-नेपाल व्यापार मेला के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस व्यापार मेला के उद्घाटन सत्र में भारत में नेपाल के राजदूत शंकर प्रसाद शर्मा, मुख्य अतिथि भारत सरकार के पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया तथा नेपाल उद्योग वाणिज्य महासंघ (एफएनसीसीआई) के अध्यक्ष चंद्र प्रसाद ढकाल सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति रहेगी।

युवराज बराल ने बताया कि इंडो–नेपाल ट्रेड फेस्टिवल को व्यापार, पर्यटन, संस्कृति और नवाचार के माध्यम से द्विपक्षीय सहयोग को सुदृढ़ करने वाले एक परिवर्तनकारी मंच के रूप में परिकल्पित किया गया है। उन्होंने कहा कि नेपाल और भारत के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सार्थक साझेदारी विकसित करने, निवेश के अवसरों का विस्तार करने और दोनों देशों के ऐतिहासिक संबंधों को और अधिक मजबूत बनाने में यह महोत्सव सहायक सिद्ध होगा।

एवरेस्ट चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के महासचिव डॉ. मोहन कार्की ने बताया कि ये व्‍यापार मेला भारत–नेपाल के बीच द्विपक्षीय आर्थिक सहयोग, पर्यटन एकीकरण, सांस्कृतिक आदान–प्रदान तथा निवेश साझेदारी को सुदृढ़ करने वाले एक प्रमुख मंच के रूप में स्थापित हो चुका है। इस वर्ष के ‘इंडो-नेपाल व्यापार मेला’ में जलविद्युत एवं ऊर्जा साझेदारी, सीमा-पार व्यापार एवं कनेक्टिविटी, रामायण और बौद्ध सर्किट सहित पर्यटन एकीकरण, बैंकिंग, फिनटेक एवं डिजिटल अर्थव्यवस्था सहयोग, मीडिया एवं सांस्कृतिक कूटनीति, युवा सहभागिता, शिक्षा एवं नवाचार साझेदारी, स्टार्टअप इकोसिस्टम तथा इंडो–नेपाल सहयोग ‘विजन 2030’ जैसे विषयों पर 10 से ज्‍यादा उच्चस्तरीय सत्र और नीतिगत संवाद आयोजित किए जाएंगे, जिनमें 60 से अधिक विशेषज्ञ भाग लेंगे।

डॉ. कार्की ने बताया कि इसके अलावा व्यावसायिक नेटवर्किंग कार्यक्रमों तथा नीति-निर्माताओं, मंत्रियों, राजनयिकों, उद्योगपतियों, निवेशकों और उद्यमियों के बीच बी2बी और बी2जी बैठकों का भी आयोजन किया जाएगा। उन्‍होंने कहा कि आयोजकों का विश्वास है कि ये सत्र दोनों देशों के विशेषज्ञों, नीति-निर्माताओं और उद्योग जगत के हितधारकों को साझा विकास और सतत क्षेत्रीय सहयोग के नए अवसर तलाशने के लिए एक ही मंच पर लाएंगे। उन्‍होंने कहा कि महोत्सव में भारत और नेपाल के 60 से अधिक स्टॉल लगेंगे। आयोजकों का अनुमान है कि महोत्सव का अवलोकन 25 हजार से अधिक लोग करेंगे।

इंडो-नेपाल व्यापार मेला’ भारत में नेपाली उद्योगपतियों और व्यवसायियों के संगठन एवरेस्ट चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (ईसीसीआई), नेपाली दूतावास, नेपाल पर्यटन बोर्ड तथा व्यापार एवं निर्यात प्रोत्साहन केंद्र के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। वर्ष 2008 में स्थापित ईसीसीआई में भारत के विभिन्न क्षेत्रों से 800 से अधिक उद्योगपति और व्यवसायी सदस्य के रूप में जुड़े हुए हैं।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें