आईटी सेक्टर के दबाव में साप्ताहिक आधार पर गिरावट में बंद हुआ शेयर बाजार

0
10

नई दिल्ली, 15 फ़रवरी (हि.स.)। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) को लेकर बनी चिंता की वजह से आईटी सेक्टर के शेयरों में हुई जोरदार बिकवाली ने घरेलू शेयर बाजार के पिछले सप्ताह के कारोबार पर काफी प्रतिकूल असर डाला। सोमवार से शुक्रवार तक के कारोबार के बाद सेंसेक्स साप्ताहिक आधार पर 953.64 अंक यानी 1.14 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 82,626.76 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह निफ्टी ने 222.60 अंक यानी 0.86 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,471.10 अंक के स्तर पर पिछले सप्ताह के कारोबार का अंत किया।

13 फरवरी को खत्म हुए कारोबारी सप्ताह के दौरान बीएसई का लार्ज कैप इंडेक्स 0.60 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इस इंडेक्स में शामिल स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, आयशर मोटर्स, लेंसकार्ट सॉल्यूशंस, टाटा मोटर्स, संवर्धन मदरसन इंटरनेशनल, स्विगी, इंडस टावर्स, अपोलो हॉस्पिटल्स एंटरप्राइजेज और श्रीराम फाइनेंस के शेयर टॉप गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), एचसीएल टेक्नोलॉजीज, अदानी पावर, विप्रो, इंफोसिस, एलटीआई माइंडट्री, कोल इंडिया, डीएलएफ और टेक महिंद्रा के शेयर टॉप लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

इसी तरह बीएसई का मिडकैप इंडेक्स सोमवार से शुक्रवार तक के हुए कारोबार के बाद 0.40 प्रतिशत की साप्ताहिक गिरावट के साथ बंद हुआ। इस इंडेक्स में शामिल लिंडे इंडिया, कल्याण ज्वेलर्स इंडिया, क्रॉम्प्टन ग्रीव्स कंज्यूमर इलेक्ट्रिकल, भारत फोर्ज, ट्यूब इन्वेस्टमेंट्स ऑफ इंडिया और एस्ट्रल के शेयर टॉप गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, एलटी टेक्नोलॉजी सर्विसेज, कोफोर्ज, केपीआईटी टेक्नोलॉजीज, ओरेकल फाइनेंशियल सर्विसेज सॉफ्टवेयर, हेक्सावेयर टेक्नोलॉजीज, टाटा एलक्सी और ऑयल इंडिया लिमिटेड के शेयर टॉप लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

लार्ज कैप और मिडकैप के विपरीत बीएसई का स्मॉलकैप इंडेक्स पिछले सप्ताह के कारोबार में 0.80 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद होने में सफल रहा। इस इंडेक्स में शामिल जीई पावर इंडिया, अवंती फीड्स, ब्लू क्लाउड सॉफ्टेक सॉल्यूशंस, जेआईटीएफ इंफ्रा लॉजिस्टिक्स, एसएमएल महिंद्रा, सप्लाई चेन सॉल्यूशंस, इंटरप्लांट सिस्टम्स और लूमैक्स इंडस्ट्रीज के शेयर साप्ताहिक आधार पर 25 से 46 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुए। दूसरी ओर, स्पाइसजेट, सफारी इंडस्ट्रीज इंडिया, इकॉज इंडिया मोबिलिटी एंड हॉस्पिटैलिटी, पर्ल ग्लोबल इंडस्ट्रीज, रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर, एचएलई ग्लासकोट, फूड्स एंड इन्स, ज्योति रेजिंस एंड एढेसिव्स, कार ट्रेड टेक और मैस्टेक के शेयर साप्ताहिक आधार पर 13 से 23 प्रतिशत तक की गिरावट के साथ बंद हुए।

सेक्टोरल परफॉर्मेंस की बात करें तो पिछले सप्ताह के कारोबार में टेक्नोलॉजी स्टॉक्स में जम कर बिकवाली होती रही। निफ्टी का आईटी इंडेक्स साप्ताहिक आधार पर 8 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट का शिकार हो गया। इसी तरह निफ्टी के एनर्जी, ऑयल एंड गैस और एफएमसीजी इंडेक्स लगभग दो प्रतिशत की साप्ताहिक गिरावट के साथ बंद हुए।

दूसरी ओर, सोमवार से शुक्रवार के कारोबार में निफ्टी का मीडिया इंडेक्स पांच प्रतिशत की तेजी हासिल करने में सफल रहा। इसी तरह निफ्टी के पीएसयू बैंक, डिफेंस और कंज्यूमर ड्यूरेबल इंडेक्स में साप्ताहिक आधार पर तीन प्रतिशत तक की बढ़त दर्ज की गई। वहीं, निफ्टी का ऑटोमोबाइल इंडेक्स साप्ताहिक आधार पर दो प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ, जबकि निफ्टी का फार्मास्यूटिकल इंडेक्स साप्ताहिक आधार पर एक प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहा।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें