सरकार प्रत्येक नागरिक को उत्तम एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध : ब्रजेश पाठक

0
8

भारत माता हम सभी के लिए एकता, अखण्डता और आत्मगौरव की प्रेरणा हैं: उप मुख्यमंत्री

भदोही, 13 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक शुक्रवार को भदोही पहुँचे। इस दौरान उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुरियावां का निरीक्षण किया। बाद में वह कार से भदोही के पूर्व विधायक रविंद्रनाथ त्रिपाठी के यहाँ मांगलिक कार्यक्रम में शामिल हुए। बाद में चौगना गाँव में बने हेलीपैड से दूसरे कार्यक्रम के लिए उड़ान भरी। उप मुख्यमंत्री से जब पत्रकारों ने यूजीसी सम्बन्ध में सवाल किया तो उन्होंने एसआईआर पर जबाब दिया।

उप मुख्यमंत्री ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) सुरियावां का गहन निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। वेटिंग हाल में बैठी बुजुर्ग मरीज कुसुम देवी से उन्होंने आत्मीयता पूर्वक वार्ता की। मरीज द्वारा पैर में दर्द की समस्या बताई गई, जिस पर उप मुख्यमंत्री ने जांच रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध कराकर समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मरीज के पति के अंगुली में चोट लगने की जानकारी मिलने पर उप मुख्यमंत्री ने स्वयं महिला मरीज के मोबाइल से वार्ता कर उन्हें अपने पास बुलवाया तथा बेहतर उपचार का आश्वासन दिया। प्रतीक्षालय में बैठी दूसरी मरीज चन्दा देवी से भी उन्होंने बातचीत कर उपचार एवं दवा उपलब्धता की जानकारी ली। मरीजों ने संतोषजनक सेवाएं मिलने की पुष्टि की।

उप मुख्यमंत्री ने सीएचसी में जन्मे बच्चों का अपने हाथों से बर्थ सर्टिफिकेट प्रदान करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना किया। उन्होंने निरीक्षण कर भर्ती मरीजों का हाल-चाल जाना गया तथा उपलब्ध दवाओं की जानकारी प्राप्त की गई। आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था से वे संतुष्ट दिखाई दिए। ओपीडी कक्ष का निरीक्षण करते हुए उन्होंने मरीजों से पूछा कि उन्हें उपचार एवं दवाएं समय से मिल रही हैं या नहीं। संतोषजनक उत्तर प्राप्त होने पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की। दवा वितरण कक्ष में दवाओं की उपलब्धता का परीक्षण किया गया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ० संतोष कुमार चक द्वारा अवगत कराया गया कि आवश्यक जीवन रक्षक दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं।

उप मुख्यमंत्री ने एनबीएसयू एवं एमएनसीयू कक्ष को और अधिक सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिए। दिव्यांग, महिला एवं सामान्य शौचालयों का निरीक्षण कर स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर बल दिया। अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र कराने हेतु निर्देशित किया।

प्रेस प्रतिनिधियों से संवाद के दौरान उप मुख्यमंत्री ने कहा कि निरीक्षण के पश्चात यह स्पष्ट हुआ कि चिकित्सक मरीजों के साथ अच्छा व्यवहार कर रहे हैं। अस्पताल भवन की आवश्यक मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण के लिए तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए गए हैं। यदि अतिरिक्त धनराशि की आवश्यकता होगी तो शासन स्तर से अविलम्ब स्वीकृति प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्रत्येक नागरिक को उत्तम एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। जच्चा-बच्चा वार्ड में बेहतर सेवाओं के कारण मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी आई है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि प्रसव संस्थागत रूप से सरकारी अस्पतालों में ही कराएं तथा निजी अस्पतालों में जाने से बचें। आवश्यकतानुसार जनपद के सरकारी चिकित्सालयों को और अधिक उच्चीकृत किया जाएगा।

उप मुख्यमंत्री ने ग्राम चौगुना, सुरियावां (कडोर) स्थित सर्वशक्तिधाम मंदिर प्रांगण में भारत माता की पावन प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह प्रतिमा केवल एक मूर्ति नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक गौरव एवं मातृभूमि के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भारत माता हम सभी के लिए एकता, अखण्डता और आत्मगौरव की प्रेरणा हैं। आइए, हम सभी राष्ट्र निर्माण एवं सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण हेतु निरंतर प्रयासरत रहें।

हेलीपैड स्थल पर जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा, पूर्व विधायक रवीन्द्रनाथ त्रिपाठी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा शिष्टाचार भेंट कर स्वागत एवं अभिनन्दन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी शैलेष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। आगमन उपरांत उप मुख्यमंत्री ने जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण करने का कार्यक्रम प्रारम्भ किया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ल, अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल,अपर जिलाधिकारी कुंवर वीरेंद्र मौर्य ,उप जिलाधिकारी भदोही अरुण गिरी,न्यायिक बरखा सिंह ,पुलिस उपाधीक्षक चमन सिंह चावड़ा, अशोक कुमार मिश्र सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि गण उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here