राजगीर भ्रमण पर केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू

0
5

पर्यटन विकास का किया अवलोकन

बिहारशरीफ 19 फ़रवरी (हि.स.)। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने गुरुवार को बिहार में राजगीर स्थित ग्लास ब्रिज, नेचर सफारी तथा जू सफारी परिसर का भ्रमण किया। उनके आगमन से राजगीर की सुरम्य वादियों और हरित प्राकृतिक वातावरण में विशेष उत्साह का माहौल देखा गया।

भ्रमण के दौरान मंत्री ने यहां की मनोहारी प्राकृतिक छटा, सुव्यवस्थित पर्यटन व्यवस्था तथा जैव-विविधता संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि राजगीर ऐसा पर्यटन स्थल है जहां प्रकृति, रोमांच और आध्यात्मिकता का अद्भुत संगम देखने को मिलता है। यह स्थान देश-विदेश के पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनता जा रहा है।

उन्होंने विशेष रूप से सफारी प्रबंधन की प्रशंसा करते हुए कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखते हुए पर्यटन को विकसित करना चुनौतीपूर्ण कार्य होता है, जिसे यहां प्रभावी ढंग से किया जा रहा है। यह पहल स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता भी पैदा कर रही है।

निरीक्षण के क्रम में मंत्री ने वन्यजीव संरक्षण परियोजनाओं, इको-टूरिज्म गतिविधियों, पर्यावरण शिक्षा कार्यक्रमों और आधुनिक पर्यटक प्रबंधन प्रणाली की जानकारी ली। इस दौरान जू सफारी के निदेशक राम सुन्दर एम ने उन्हें परिसर की संचालन व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध तथा संरक्षण रणनीतियों के बारे में विस्तार से अवगत कराया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राजगीर का यह मॉडल देश के अन्य पर्यटन स्थलों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here