यूरोपीय देशों का आरोप-जेल में ‘दुर्लभ विष’ देकर की गई एलेक्सी नवलनी की हत्या

0
4

म्यूनिख, 14 फरवरी (हि.स.)। पांच यूरोपीय देशों ने रूस पर आरोप लगाया है कि उसने विपक्षी नेता एलेक्सी नवलनी को जेल में एक “दुर्लभ और घातक विष” दिया गया, जिससे उनकी मौत हुई। यह आरोप म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन के दौरान संयुक्त बयान जारी कर लगाया गया।

यूके, स्वीडेन, फ्रांस, जर्मनी और नीदरलैंड्स ने कहा कि शव से लिए गए नमूनों की जांच के बाद उन्हें भरोसा है कि नवलनी को घातक टॉक्सिन दिया गया था। उनके अनुसार यह विष एपिबैटिडीन से जुड़ा है, जो दक्षिण अमेरिका में पाए जाने वाले डार्ट फ्रॉग की त्वचा में मिलता है और अत्यंत जहरीला माना जाता है।

नवलनी की फरवरी 2024 में रूस की एक आर्कटिक जेल में मौत हुई थी, जहां वे 19 साल की सजा काट रहे थे। यूरोपीय देशों ने कहा कि इस तरह के जहर का इस्तेमाल करने की क्षमता, मंशा और अवसर केवल रूसी राज्य के पास था और इसलिए वही जिम्मेदार है।

यूलिया नवलनाया ने कहा कि अब यह “वैज्ञानिक रूप से सिद्ध” हो चुका है कि उनके पति की हत्या की गई। उन्होंने दावा किया कि पहले यह आरोप शब्दों तक सीमित था, लेकिन अब प्रयोगशाला जांच ने इसे साबित कर दिया है।

ब्रिटेन की विदेश मंत्री यवेटे कूपर ने कहा कि यह मामला क्रेमलिन द्वारा आलोचकों को चुप कराने की साजिश को उजागर करता है। उन्होंने सम्मेलन के दौरान नवलनी की पत्नी से मुलाकात भी की।

इन देशों ने इस निष्कर्ष की जानकारी रासायनिक हथियारों पर निगरानी रखने वाली संस्था ऑर्गनाइजेशन फॉर द प्रोहिबिशन ऑफ केमिकल वीपन्स (ओपीसीडब्ल्यू) को भी दे दी है। साथ ही रूस पर रासायनिक हथियार संधि के उल्लंघन का आरोप लगाया गया।

गौरतलब है कि नवलनी को 2020 में भी सोवियत दौर के नर्व एजेंट नोविचोक से जहर देने का मामला सामने आया था, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए जर्मनी ले जाया गया था।

नवलनी को रूस में भ्रष्टाचार विरोधी अभियान और सत्ता प्रतिष्ठान की आलोचना के लिए जाना जाता था। वे लंबे समय से राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के मुखर आलोचक रहे और उन्होंने देशभर में बड़े विरोध प्रदर्शनों का नेतृत्व किया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here