पश्चिम यूपी में एम्स के लिए चंदाैसी सबसे उपयुक्त स्थान : गुलाब देवी

0
20

संभल , 02 फ़रवरी (हि.स.)। जनपद संभल के चंदौसी में माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री उत्तर प्रदेश (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में प्रस्तावित एम्स (AIIMS) को लेकर साेमवार काे बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सर्वहितकारी और सर्वकल्याणकारी बजट के लिए वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री को बधाई देती हैं। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि पश्चिम यूपी में एम्स का बनना अब लगभग तय है।

राज्यमंत्री गुलाब देवी ने चन्दौसी को एम्स के लिए सबसे उपयुक्त स्थान बताते हुए कहा कि चन्दौसी पश्चिमी क्षेत्र का एक प्रमुख केंद्र बिंदु है। यहां रेलवे जंक्शन की सुविधा है, गंगा एक्सप्रेसवे भी पास से गुजरता है और शिक्षा की बेहतर व्यवस्था पहले से मौजूद है। उन्होंने कहा कि यदि एम्स चन्दौसी में स्थापित होता है तो इससे आसपास के कई जनपदों को सीधा लाभ मिलेगा। मरीजों और उनके परिजनों को आवागमन में सुविधा होगी और यह स्थान सभी के लिए सहज रहेगा। माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि वह इस विषय में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी अनुरोध करेंगी और जनहित में चन्दौसी को एम्स के लिए चुने जाने की पहल करेंगी। बताते चलें कि चंदाैसी विधानसभा सीट से गुलाब देवी भाजपा से विधायक हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here