कई देशाें के खरीददारों को भा रहे मुरादाबाद के हस्तशिल्प उत्पाद

0
7

मुरादाबाद, 17 फरवरी (हि.स.)। पीतलनगरी मुरादाबाद के निर्यातकों को नोएडा में चल रहे आईजीएफ दिल्ली मेले में मंगलवार को चौथे दिन मसाजर और साउंड थेरेपी जैसे तमाम हस्तशिल्प उत्पादों के काफी आर्डर मिले हैं। फेयर में अमेरिका के अलावा रूस, लेबनान, कोरिया, जापान के खरीददारों को मुरादाबाद के हस्तशिल्प उत्पाद बहुत भा रहे हैं। निर्यातकों ने बताया कि कई खरीददारों ने सैंपल खरीदा है। इसके साथ ही खरीददारों से ऑर्डर मिलने की सहमति भी बन रही है।

दिल्ली फेयर में जिले के 1500 निर्यातकों ने स्टाल लगाया है। पीतलनगरी के हस्तशिल्प उत्पादों की डिमांड ज्यादा है। निर्यातकों ने बताया कि फेयर में भारी संख्या में खरीददार आ रहे हैं। निर्यातक विवेक अग्रवाल का कहना है कि खरीददारों का ध्यान तनाव कम करने वाले उत्पादों पर ज्यादा है। खरीददार सिंगिंग बाउल्स, घंटियों और मंत्रोच्चारण जैसे उपकरणों खूब पसंद कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले तीन दिनों में खरीददारों ने होम डेकोर, फर्नीचर, गिफ्ट आइटम्स, फैशन एक्सेसरीज से सम्बंधित हस्तशिल्प उत्पादों की भी पूछताछ की है। फेयर में फर्नीचर से सम्बंधित उत्पादों की संख्या ज्यादा है। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में निर्यातकों और उद्योग हितधारकों को एक विशेष प्रस्तुति के लिए एकत्र किया गया।

एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसलिंग हैंडीक्राफ्ट (ईपीसीएच) के चेयरमैन मुरादाबाद निवासी डॉ. नीरज विनोद खन्ना ने कहा कि अधिक से अधिक निर्यातक एक्सपो बाजार टीआईसीए साझेदारी से लाभान्वित हों। उन्होंने आगे कहा कि टीआईसीए के दो अलग-अलग बिजनेस माडल कैश एंड कैरी और प्रोजेक्ट प्रस्तुत किया जा रहा है।

ईपीसीएच के संयोजक व मुरादाबाद हैंडीक्राफ्ट एक्सपोर्ट एसोसिएशन के महासचिव अवधेश अग्रवाल ने कहा कि हम केवल बड़े खरीददारों को ही नहीं बल्कि छोटे और मध्यम को भी सेवा दे रहे हैं। जिससे निर्यातकों को ज्यादा से ज्यादा ऑर्डर मिल सके। इस दौरान कारीगरों और बुनकरों के लिए एक ओरिएंटेशन सत्र आयोजित किया गया। इसमें निर्यात प्रक्रियाओं तथा भारत एवं विदेशों में व्यापार मेलों के बारे में परिचित कराया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here