अमेरिका में एरिजोना के फ्लैगस्टाफ में हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त

0
15

पायलट समेत दो की मौत

फ्लैगस्टाफ (एरिजोना) अमेरिका, 06 फरवरी (हि.स.)। अमेरिका में एरिजोना राज्य के सार्वजनिक सुरक्षा विभाग (एरिजोना डिपार्टमेंट ऑफ पब्लिक सेफ्टी) का एक हेलीकॉप्टर फ्लैगस्टाफ में गोलीबारी की घटना की निगरानी के वक्त दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में पायलट और चिकित्सा सहायक पुलिसकर्मी की मौत हो गई। यह जानकारी विभाग की आधिकारिक विज्ञप्ति में दी गई। फ्लैगस्टाफ एरिजोना के उत्तरी भाग में स्थित है और कोकोनिनो काउंटी का प्रमुख शहर है। यह शहर लगभग 7,000 फीट की ऊंचाई पर बसा है।

आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, विभाग के सार्जेंट कैमरन ली ने एक बयान में कहा कि बुधवार रात को एक रेंजर हेलीकॉप्टर का क्रू फ्लैगस्टाफ पुलिस डिपार्टमेंट और अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों की मदद के लिए गया था। ली ने कहा, “दुख की बात है कि गोलीबारी की घटना के दौरान हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया। इस हादसे में पायलट और चिकित्सा सहायक पुलिसकर्मी की मौत हो गई।” ली ने कहा कि गोलीबारी में संदिग्ध को जानलेवा चोटें नहीं आईं और उसे हिरासत में ले लिया गया। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं जारी की गई है।

एबीसी न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, संघीय विमानन प्रशासन ने एक बयान में कहा कि हेलीकॉप्टर (बेल 407) फ्लैगस्टाफ के पास रात करीब 10:15 बजे क्रैश हो गया और उसके बाद आग लग गई। रजिस्ट्रेशन नंबर की जांच से पता चला कि हेलीकॉप्टर का निर्माण 2004 में हुआ था। प्रशासन ने कहा कि दुर्घटना की जांच में नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड की मदद की जाएगी।

विज्ञप्ति में कहा गया कि एरिजोना सार्वजनिक सुरक्षा विभाग 06 फरवरी को सुबह 10 बजे संवाददाता सम्मेलन में हेलीकॉप्टर के क्रैश के बारे में अपडेट देगा। संवाददाता सम्मेलन में विभाग के निदेशक कर्नल जेफरी ग्लोवर बयान जारी करेंगे। यह संवाददाता सम्मेलन फ्लैगस्टाफ पुलिस विभाग के मुख्यालय फीनिक्स में होगा। इस दौरान फ्लैगस्टाफ के पुलिस चीफ सीन कॉनॉली भी मीडिया को संबोधित करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here