अमृतसर में आईएसआई की आतंकी साजिश नाकाम, एक गिरफ्तार

0
6

– आईईडी बनाने में प्रयुक्त धातु की केसिंग की जगह इस्तेमाल किया गया पीवीसी पाइप

चंडीगढ़, 10 फ़रवरी (हि.स.)। अमृतसर के स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) ने आरडीएक्स आधारित इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार करके पाकिस्तान की आईएसआई समर्थित आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया है।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने मंगलवार को बताया कि अमृतसर के चमरंग रोड निवासी राहुल कुमार उर्फ गज्जू को गिरफ्तार किया गया है। वह अमृतसर के एक सैलून में सहायक के रूप में काम करता है। प्रारंभिक जांच के अनुसार वह पाकिस्तानी हैंडलरों के निर्देश पर काम करने वाले एक विदेशी हैंडलर के संपर्क में था। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ है कि राहुल ने अपने विदेशी हैंडलर के निर्देश पर शहर के बाहरी इलाके में एक निर्धारित स्थान से खेप प्राप्त की थी। उन्होंने आगे कहा कि डिवाइस को पीवीसी पाइप की केसिंग में छिपाया गया था, ताकि इसका पता न चल सके। डीजीपी ने कहा कि आईईडी की डिलीवरी के स्रोत का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

इस ऑपरेशन के बारे में जानकारी देते हुए एआईजी एसएसओसी अमृतसर सुखमिंदर सिंह मान ने बताया कि पाकिस्तान से आईईडी वाली खेप भेजे जाने की विश्वसनीय खुफिया जानकारी मिलने पर पुलिस टीमों ने एक ऑपरेशन चलाया और संदिग्ध राहुल उर्फ गज्जू को आईईडी सहित गिरफ्तार कर लिया। वह 2022 में अपने विदेशी हैंडलर के पंजाब दौरे के दौरान उसके संपर्क में आया था और दोनों एन्क्रिप्टेड मोबाइल ऐप्स के माध्यम से एक-दूसरे से संपर्क करते थे। उन्होंने कहा कि विदेशी हैंडलर ने शुरू में राहुल को काम सौंपने से पहले उसके खर्चों के लिए छोटी-छोटी रकम देकर उसे जाल में फंसाया। उन्होंने कहा कि इस मामले की आगे की जांच जारी है। इस संबंध में थाना एसएसओसी अमृतसर में एफआईआर दर्ज की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here