मथुरा: एक ही घर में मिले पति-पत्नी, बेटे-​बेटियों समेत पांच शव

0
5

मथुरा, 10 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मथुरा जिले के थाना महावन क्षेत्र के खप्परपुर गांव में एक ही घर में पति-पत्नी, बेटे-बेटियों समेत पांच लोगों के शव मिले हैं। प्रारंभिक जांच में परिवार ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। घर के अंदर दीवार पर ‘अपनी इच्छा से आत्महत्या करने की बात लिखी हुई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

थाना महावन क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम खप्परपुर में रहने वाले 35 वर्षीय मनीष खेती करते थे। मंगलवार सुबह करीब दस बजे पुलिस को सूचना मिली कि मनीष, उनकी पत्नी सीमा(32), बेटी हनी(5), प्रियांशी (4) और बेटा पंकज (2) के शव सुबह घर के अंदर पड़े मिले हैं। सुसाइड नोट मिला है। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ घटना की जांच कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मनीष की शादी आठ साल पहले मड़नई सादाबाद से हुई थी। उसके दो भाई और हैं, जो गांव में ही अलग-अलग घरों में रहते हैं। मनीष अपनी पत्नी और बच्चों के साथ इस मकान में रहता था।

इस परिवार के आत्महत्या के पीछे की आखिर वजह क्या रही,ये फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के सटीक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here