यूपी बोर्ड ने इंटर प्रैक्टिकल परीक्षा की तिथि बढ़ाई

0
27

प्रयागराज, 09 फरवरी (हि.स)। यूपी बोर्ड ने इंटरमीडिएट प्रैक्टिकल परीक्षा 2026 की तिथि साेमवार काे बढ़ा दिया है। यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने बताया कि पहले और दूसरे चरण की छूटी प्रैक्टिकल परीक्षाएं 13 फरवरी तक आयोजित की जाएंगी।

यूपी बोर्ड में इंटरमीडिएट की पहले चरण की प्रैक्टिकल परीक्षा 24 जनवरी से 1 फरवरी के बीच आयोजित की गई थी जबकि दूसरे चरण की इंटरमीडिएट की प्रैक्टिकल परीक्षा 2 फरवरी से 9 फरवरी के बीच आयोजित की गई थी। लेकिन इस निर्धारित समय के बाद भी कुछ विद्यालयों की प्रैक्टिकल परीक्षाएं बची रह गई हैं। कुछ विद्यालयों ने ऑनलाइन अंक अपलोड नहीं किया है। छात्र हित को ध्यान में रखते हुए इंटरमीडिएट प्रैक्टिकल परीक्षाओं की तिथि 13 फरवरी तक बढ़ा दी गई है। यूपी बोर्ड ने प्रैक्टिकल परीक्षाओं को लेकर प्रधानाचार्य को अंतिम अवसर देते हुए निर्देश दिया है।

बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने कहा है कि बची हुई प्रैक्टिकल परीक्षाएं संपादित कर 13 फरवरी तक यूपी बोर्ड की वेबसाइट पर अंक अपलोड करना सुनिश्चित करें। यूपी बोर्ड ने कहा कि निर्धारित समय तक अंक अपलोड ना करने के कारण यदि किसी परीक्षार्थी का परीक्षा परिणाम प्रभावित होता है, तो उसके लिए सम्बंधित परीक्षक, प्रधानाचार्य और डीआईओएस जिम्मेदार होंगे। यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने यह आदेश आज जारी किया है।

#यूपीबोर्डइंटरप्रैक्टिकल

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here