संभल में सरकारी स्कूल की दीवारों में लिखी गईं कुरान की आयतें

0
13

संभल में सरकारी स्कूल की दीवारों में लिखी गईं कुरान की आयतें, हिंदू संगठनों के विरोध पर दो अध्यापक निलंबित

– चंदौसी के सरकारी स्कूल में लिखी मिली मुस्लिम आयतें

संभल, 06 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद संभल में शुक्रवार को हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने एक सरकारी स्कूल में जमकर हंगामा काटा। आरोप है कि स्कूल की दीवारों पर कुरान की आयतें लिखी गईं हैं और देश के महापुरुषों की फोटो एक कमरे में रस्सी से लटकाई गईं हैं। बढ़ते विरोध पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया। जिला ​बेसिक शिक्षा अधिकारी ने प्रधाना अध्यापक और सहायक अध्यापक को निलंबित करते हुए जांच गठित कर दी।

चंदौसी तहसील अर्न्तगत थाना कुढ़ फतेहगढ़ क्षेत्र के गांव नगला पूर्वा में स्थित सरकारी स्कूल में शुक्रवार दोपहर को हिंदू संगठन विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता पहुंचे। आरोप है कि स्कूल परिसर में दीवारों पर मुस्लिम धर्म की आयतें लिखी हुई हैं। वहीं, मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री, मां सरस्वती, भारत माता, सुभाष चंद्र बोस, रवींद्रनाथ टैगोर सहित अन्य महापुरुषों की तस्वीरें एक कमरे में रस्सी से बांधकर रखी गई थीं। हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने इसे सरकारी स्कूल में नियमों के खिलाफ बताया। इस दौरान कार्यकर्ताओं द्वारा महिला हेडमास्टर और सहायक शिक्षक से सवाल-जवाब किए गए। जिस पर पुलिस ने हस्तक्षेप किया। इसी बात को लेकर पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस हो गई।

विद्यालय की प्रधानाध्यापक पुष्पा देवी ने इस पूरे मामले के लिए सहायक अध्यापक मोहम्मद नाजिम को जिम्मेदार ठहराया। वहीं, टीचर ने आरोपों को लेकर अपनी सफाई दी और दोनों एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालते नजर आए।

विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने पुलिस को दी लिखित शिकायत में आरोप लगाया कि स्कूल में नियमों के विपरीत धार्मिक गतिविधियां कराई जा रही हैं। संगठनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

इस दौरान कुछ आपत्तिजनक बयान भी सामने आए। जिन्हें लेकर पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी रही।

इस विषय में विश्व हिन्दू परिषद के कार्यकर्ता आशीष तूफानी ने कहा, स्कूल पहुंचने पर दीवारों पर कुरान आयतें लिखी मिलीं। महापुरुषों की तस्वीरें एक कमरे में रस्सी से बांधकर रखी हुई थीं। वहीं विभाग संयोजक सत्संग प्रमुख आचार्य, ऋतुपन शर्मा ने स्कूल में धार्मिक प्रतीकों के उपयोग पर आपत्ति जताई थी। इसकी जानकारी पर शिक्षा विभाग को पूरे मामले से अवगत कराया गया है।

इस मामले में बीएसए अलका शर्मा ने बताया कि गांव नगला पूर्वा के प्राथमिक विद्यालय में कुरान की आयतें लिखे होने का मामला संज्ञान में आया है। प्रधानाध्यापक पुष्पा रानी और सहायक अध्यापक मोहम्मद नाजिम को सस्पेंड किया गया है। मामले में अगर आगे और किसी का नाम आता है तो विभागीय कार्रवाई होगी।

थाना प्रभारी लाेकेन्द्र त्यागी ने बताया कि विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारियाें ने प्रार्थना पत्र दिया है, मामला शिक्षा विभाग से जुड़ा है, इसलिए विभागीय अधिकारियाें काे भी अवगत कराते हुए जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here