चाइनीज मांझे पर सख्ती: प्रदेश में ताबड़तोड़ छापे, कई दुकानदार रडार पर

0
6

सीएम की सख्ती के बाद चाइनीज मांझे के खिलाफ सघन अभियान, बाजारों में पुलिस की छापेमारी

कानपुर, 05 फरवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सख्ती के बाद कानपुर में चाइनीज मांझे के खिलाफ पुलिस ने बड़ा चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल के निर्देशन पर जनहित और नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चाइनीज मांझा की बिक्री, भंडारण और उपयोग के विरुद्ध विशेष अभियान संचालित किया गया। अभियान की सूचना मिलते ही कई बाजारों में दुकानदारों ने अपने शटर बंद कर दिए।

इस विशेष अभियान के तहत शहर के चारों जोनों के सभी थानों की पुलिस टीमों ने सघन चेकिंग की। रावतपुर, फीलखाना, बाबूपुरवा, मूलगंज, किदवई नगर सहित शहर के प्रमुख पतंग बाजारों में विशेष रूप से छापेमारी की गई। इस दौरान पतंग, धागा, जनरल स्टोर और संबंधित अन्य दुकानों की विधिवत जांच की गई।

पुलिस टीमों ने दुकानदारों को स्पष्ट रूप से निर्देश दिए कि चाइनीज मांझा का क्रय-विक्रय, भंडारण और उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चाइनीज मांझे के उपयोग से दोपहिया वाहन चालकों, बच्चों और पक्षियों को गंभीर चोट लगने के साथ जान का खतरा भी बना रहता है। ऐसे में प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान संदिग्ध दुकानों और व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखी गई। चेकिंग के दौरान कहीं भी चाइनीज मांझा बिक्री के लिए उपलब्ध नहीं पाया गया। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में यदि चाइनीज मांझा की बिक्री, भंडारण या उपयोग की सूचना मिलती है, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ एनवायरमेंटल पॉल्यूशन कंट्रोल एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे स्वयं चाइनीज मांझा का उपयोग न करें और इसकी बिक्री या भंडारण की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया कि जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

बरेली, 05 फरवरी (हि.स.) । चाइनीज मांझे से हो रहे हादसों और मौतों को लेकर सरकार के सख्त रुख के बाद बरेली पुलिस एक्शन मोड में नजर आई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर गुरुवार को किला थाना क्षेत्र के बाकरगंज बाजार में मांझा बेचने वाली दुकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की गई। एसएसपी अनुराग आर्य के आदेश पर चली इस कार्रवाई में एसपी सिटी मानुष पारीक खुद टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सीओ द्वितीय सोनाली मिश्रा समेत कई थानों की फोर्स ने पूरे इलाके को घेरकर सघन चेकिंग की। अचानक पड़ी रेड से बाजार में हड़कंप मच गया।

प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझे की बिक्री पर मुख्यमंत्री ने कड़ा नाराजगी जताते हुए पुलिस अधिकारियों से जवाब तलब किया है। निर्देश दिए गए हैं कि सप्लाई चेन तक पहुंचकर जिम्मेदारों पर कठोर कार्रवाई की जाए। इतना ही नहीं चाइनीज मांझे से होने वाली मौतों को हत्या की श्रेणी में मानते हुए गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लगातार छापेमारी कर ऐसे कारोबारियों की पहचान की जा रही है। पकड़े जाने पर मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी, साथ ही सप्लाई नेटवर्क को भी चिन्हित कर तोड़ा जाएगा।—————-

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here