मेघालय के अवैध कोयला खदान में धमाके से 16 मजदूरों की मौत, बचाव जारी

0
56

– गुवाहाटी से राहत एवं बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ की तीन टीमें रवाना

शिलांग, 05 फरवरी (हि.स.)। मेघालय में गुरुवार को पूर्वी जयंतिया हिल्स जिलांतर्गत ताशखाई में एक अवैध कोयला खदान में हुए बड़े धमाके में कम से कम 16 मजदूरों की मौत होने की जानकारी सामने आई है। माना जा रहा है कि जैसे-जैसे राहत कार्य तेज होगा, मृतकों की संख्या में और इजाफा हो सकता है। घटनास्थल से मिली वीडियो क्लीप में मौके पर मौजूद मजदूर रोते हुए चीख-चीख कह रहे हैं कि खदान के अंदर सैकड़ों मजदूर फंसे हुए हैंं।

शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, धमाका कोयला खदान के अंदर हुआ, जिससे मौके पर मौजूद मजदूरों में भारी जान-माल का नुकसान हुआ। अधिकारियों को शक है कि ज़्यादातर पीड़ित असम के मजदूर थे।

गुवाहाटी स्थित प्रथम बटालियन एनडीआरएफ मुख्यालय के अधिकारियों ने बताया है कि हादसे की सूचना मिलते ही मेघालय में मौजूद एनडीआरएफ की एक टीम को राहत एवं बचाव कार्य के लिए घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया है। साथ ही दो टीमें गुवाहाटी से मेघालय के लिए रवाना किया गया है। दोनों टीमों का नेतृत्व प्रथम बटालियन के सीओ एवं बटालियन के डॉक्टर के साथ ही अन्य अधिकारी कर रहे हैं।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मेघालय पुलिस ने घटना के बाद बचाव अभियान शुरू कर दिया है और टीमों को इलाके में भेजा गया है। खदान से काला धुआं निकलता दिख रहा है और मजदूर मौके के आसपास दिख रहे हैं। जो मजदूर बाहर हैं, वे मौके पर इकट्ठा हो रहे हैं। मौके पर कुछ महिलाएं और बच्चे भी रोते-चिल्लाते दिखाई दे रहे हैं।

शुरुआती जानकारी से पता चलता है कि खदान के अंदर डायनामाइट का इस्तेमाल किया गया होगा, जो अवैध रूप से चल रही थी। तीन मृत मजदूरों की पहचान कर ली गई है। उनकी पहचान असम के काटिगोरा के बिहारा गांव के रहने वाले फारूक अहमद और शरिशा कुरी गांव के रहने वाले दिलदार हुसैन और अनवर हुसैन के रूप में हुई है।

एसपी विकास कुमार ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया है कि अब तक 16 शव बरामद किए जा चुके हैं और बचाव अभियान युद्ध स्तर पर चल रहा है। अधिकारियों को डर है कि खदान के अंदर और भी शव फंसे हो सकते हैं।

यह घटना कोयला खदान में एक शक्तिशाली धमाके के बाद हुई, जिससे बड़े पैमाने पर इमरजेंसी रिस्पॉन्स शुरू किया गया। पुलिस और बचाव कर्मी मौके पर मौजूद हैं और तलाशी अभियान जारी है।-

#मेघालय_अवैध_कोयला_खदान_धमाके_से_16_मजदूरों_ की _मौत

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here