छह साल बाद फिर शुरू हुई बरेली-बांदीकुई पेसेंजर ट्रेन

0
15

आगरा से मेहंदीपुर बालाजी और खाटू श्याम जाने वाले श्रद्धालुओं काे राहत

आगरा, 02 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में बरेली रेलवे स्टेशन से चलकर राजस्थान में बांदीकुई रेलवे स्टेशन तक जाने वाली बरेली बांदीकुई पैसेंजर ट्रेन कोरोना काल में बंद होने के बाद करीब 6 साल बाद इसका संचालन पुन: शुरू कर दिया गया है। राजस्थान और उत्तर प्रदेश को जोड़ने वाली एकमात्र पैसेंजर ट्रेन का संचालन दोबारा शुरू होने से आगरा के आम नागरिकों, व्यापारियों, दैनिक यात्रियाें के साथ-साथ मेहंदीपुर बालाजी और खाटू श्याम जाने वाले श्रद्धालुओं में खुशी की लहर है।

आगरा के कई स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन

कई दिनों से उठाई जा रही यात्रियों की मांग पर छह साल बाद बरेली-बांदीकुई पैसेंजर ट्रेन का संचालन विगत दिवस आगरा से शुरू हो गया है। यह ट्रेन करीब 6 साल पहले कोरोना काल में बंद कर दी गई थी। शनिवार को ट्रेन बरेली से रात 9:05 बजे चलकर सुबह आगरा पहुंच कर बांदीकुई के लिए रवाना हुई। आगरा में ईदगाह स्टेशन से चलकर अछनेरा रेलवे स्टेशन पहुंचने पर स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और दैनिक यात्रियों ने ट्रेन के क्रू मेंबरों का स्वागत किया। वापसी में यह ट्रेन दोपहर बाद बांदीकुई से चलकर आगरा पहुंची और बरेली के लिए सकुशल प्रस्थान कर गई। यह ट्रेन आगरा के कई स्टेशनों पर रुकेगी, जिसमें आगरा किला पर 15 मिनट का ठहराव भी शामिल है।

बांदीकुई से बालाजी पहुंचना बहुत है आसान

बांदीकुई रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद वहां से करीब 40 किलोमीटर दूरी पर मेहंदीपुर बालाजी मंदिर स्थित है। हालांकि स्टेशन से कोई ट्रेन सुविधा बालाजी तक उपलब्ध नहीं है लेकिन स्टेशन के बाहर निकलते ही 24 घंटे बालाजी जाने के लिए जीप उपलब्ध है जिनसे मेहंदीपुर बालाजी मंदिर तक बड़ी आसानी से पहुंचा जा सकता है। किराया भी ज्यादा नहीं है एक सवारी का ₹70 से 75 रुपए तक लेते हैं और करीब सवा घंटे में मंदिर के निकट तक पहुंचा देती है।

बांदीकुई से खाटू श्याम ट्रेन यात्रा

बांदीकुई रेलवे स्टेशन से खाटू श्याम तक कोई सीधी ट्रेन नहीं है लेकिन खाटू श्याम मंदिर से करीब 20 किलोमीटर पहले रिंगस रेलवे स्टेशन तक ट्रेन जाती हैं,रिंगस रेलवे स्टेशन से स्थानीय जीप, प्राइवेट वाहनों से मंदिर तक ₹50 किराए में करीब आधा घंटे में आसानी से पहुंचा जा सकता है।

बरेली से बांदीकुई स्टेशनों के बीच इन स्टेशनों पर होगा ठहराव

बांदीकुई से बरेली के बीच चलने वाली पैसेंजर ट्रेन का श्रीघासी नगर, बिवाई, करणपुरा, मंड़ावर महुवा रोड, घोसराना, खेड़ली, नदबई, हेलक, भरतपुर, चिकसाना, अछनेरा, रायभा, बिचपुरी, ईदगाह, आगरा फोर्ट, यमुना ब्रिज आगरा, छलेसर, कुबेरपुर, एत्मादपुर, मितावली, बरहन, चमरौला, जलेसर रोड, पोरा, हाथरस, सासनी, मंडराक, दाऊद खान, अलीगढ़, मंजूरगढ़ी, हरदुआगंज, अतरौली रोड, डिबाई, राजघाट नरौरा, बबराला, बहजोई, चंदौसी, सिसरका, आसफपुर, दबतरा, करेंगी, रेवती बहोड़ा खेड़ा, आंवला, निशोई, बशारतगंज और रामगंगा ब्रिज रेलवे स्टेशन पर ठहराव होगा।

मंडल रेल प्रबंधक जनसंपर्क अधिकारी प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि ट्रेन दोपहर 2.45 बजे बांदीकुई रेलवे स्टेशन से बरेली के लिए रवाना होगी। शाम सात बजे आगरा से होते हुए सुबह 6.20 बजे बरेली पहुंचेगी। यही ट्रेन बरेली से रात 9:05 बजे बांदीकुई के लिए प्रस्थान करेगी। बरेली-बांदीकुई पैसेंजर का संचालन हर दिन होगा। 12 कोच की ट्रेन में 10 साधारण श्रेणी के कोच होंगे। यह ट्रेन आगरा किला स्टेशन पर 15 मिनट रुकेगी।

बरेली-बांदीकुई पैसेंजर की आगरा जिले में टाइमिंग

सुबह 4.20 बजे चमरौला स्टेशन, 4.28 बजे बरहन स्टेशन, 4.45 बजे मितावली, 5 बजे एत्मादपुर, 5.08 बजे कुबेरपुर, 5.15 बजे छलेसर, 5.26 बजे यमुनाब्रिज, 5.55 बजे आगरा किला, 6.25 बजे ईदगाह, 6.38 बजे बिचपुरी, 6.47 बजे रायभा, 6.59 बजे अछनेरा, 7.08 बजे चिकसाना।

वापसी बांदीकुई-बरेली पैसेंजर की आगरा जिले में टाइमिंग

शाम 5.02 बजे अछनेरा, 5.13 बजे रायभा, 5.25 बजे बिचपुरी, 7 बजे ईदगाह, 7.20 बजे आगरा किला, 7.45 बजे यमुनाब्रिज, रात 8 बजे छलेसर, 8.14 बजे कुबेरपुर, 8.30 बजे एत्मादपुर, 9.10 बजे मितावली, 9.26 बजे बरहन, 9.36 बजे चमरौला स्टेशन।

#बरेली_बांदीकुई_ट्रेन #आगरामेहंदीपुरबालाजी #खाटूश्याम

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here