मणिकर्णिका घाट के पास तोड़फोड़ के विरोध में आआपा ने किया प्रदर्शन

0
20

लखनऊ, 20 जनवरी (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह के निर्देशन पर काशी के मणिकर्णिका घाट पर तोड़फोड़ किए जाने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को पूरे प्रदेश में विरोध प्रदर्शन किया गया। इसी क्रम में राजधानी लखनऊ के स्वास्थ्य भवन चौराहे पर पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर जबर्दस्त विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर बसों को धरना स्थल इको गार्डेन भेजा।

प्रदेश प्रवक्ता प्रिंस सोनी ने कहा कि मणिकर्णिका घाट पर प्राचीन मंदिरों को तोड़ा जाना पूरे हिंदू समाज की आस्था पर सीधा हमला है। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव के समय मंदिर और धर्म की राजनीति करती है, लेकिन सत्ता में आते ही उन पर बुलडोज़र चलवाती है। यह दोहरा चरित्र अब जनता के सामने पूरी तरह उजागर हो चुका है।

प्रिंस सोनी ने कहा कि विकास का अर्थ कभी भी धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहरों को नष्ट करना नहीं हो सकता। भाजपा सरकार विकास के नाम पर मंदिर तोड़ने और आस्था से खिलवाड़ करने की राजनीति कर रही है, जिसे आम आदमी पार्टी किसी भी हाल में स्वीकार नहीं करेगी।

लखनऊ जिलाध्यक्ष इरम रिज़वी ने कहा कि भाजपा सरकार की तानाशाही और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आज लखनऊ की सड़कों पर जनता की आवाज़ बुलंद हुई है। उन्होंने कहा कि काशी की पहचान, परंपरा और आत्मा के साथ किया गया यह अपराध किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

प्रदर्शन में प्रियंका श्रीवास्तव, तुषार श्रीवास्तव, ललित वाल्मीकि, वसीम सिद्दीकी, ज्ञान सिंह, सुधीर पटेल, ज्ञान सिंह कुशवाहा, बलराम साहनी, तुषार,ललित बाल्मीकि, सलमान, अभिषेक प्रताप सिंह, वसीम सिद्दीकी, पीके बाजपेई,मुन्ना खान, मुकेश शुक्ला, अंगद, बी खरे, धीरज शर्मा शर्मा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

#आम_ आदमी_ पार्टी #आआपा के #राज्यसभा_ सांसद_ संजय _सिंह # राजधानी_ लखनऊ #स्वास्थ्य _भवन_ चौराहे _विरोध_ प्रदर्शन 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here