श्री काशी विश्वनाथ धाम में सुप्रिया शाह ने सितार वादन से लगाई हाजिरी

0
1

महाशिवरात्रि महोत्सव : श्री काशी विश्वनाथ धाम में सुप्रिया शाह ने सितार वादन से लगाई हाजिरी

——तृतीय दिवस की सांस्कृतिक संध्या में झूमे शिवभक्त,कथक नृत्य की सजीव एवं प्रभावशाली प्रस्तुति

वाराणसी, 12 फरवरी ( हि.स.)। महाशिवरात्रि पर्व के उपलक्ष्य में श्री काशी विश्वनाथ धाम में आयोजित चार दिवसीय “महाशिवरात्रि महोत्सव” के तीसरी सांस्कृतिक निशा में गुरूवार को शिवमय माहौल में जानी मानी कलाकार सुप्रिया शाह ने सितार वादन से हाजिरी लगाई।

सुप्रिया शाह ने अपने साधना और अभ्यास को महादेव को समर्पित कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। धाम परिसर में उपस्थित श्रद्धालु भक्ति, संगीत और नृत्य की उत्कृष्ट प्रस्तुतियों को सराहते रहे। सुप्रिया शाह के साथ तबले पर विभाष महाराज ने संगत की। तत्पश्चात रंजना राय ने लोक गायन की मनोहारी प्रस्तुति दी। उनके साथ सत्यम (पैड), अवनीश (कीबोर्ड), विनय दुबे (ढोलक) एवं सुलेखा सिन्हा (मंजीरा) ने सराहनीय संगत दी। इसके उपरांत सौरभ मिश्र एवं गौरव मिश्र ने कथक नृत्य की सजीव एवं प्रभावशाली प्रस्तुति देकर दर्शकों को अपना कायल बना लिया। चतुर्थ प्रस्तुति में शनि मिश्र ने भगवान शिव पर आधारित भक्तिमय गायन प्रस्तुत किया। उनके साथ कीबोर्ड पर मनीष मिश्र, ढोलक पर दिवाकर मिश्र, ऑक्टोपैड पर अनीश, तबले पर शिवांश तिवारी, पर्कशन पर शिवम् सिंह तथा सह-गायन में मुस्कान सिंह एवं राही सिंह ने समवेत रूप से संगीतमय वातावरण को शिवमय बना दिया।

इसके पहले सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी, डिप्टी कलेक्टर, नायब तहसीलदार एवं अन्य अतिथियों की उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के. वेंकट रमण घनपाठी तथा डिविजनल कमांडेंट, सिविल डिफेन्स जे. डी. सिंह की उपस्थिति रही। संचालन मीनाक्षी दीक्षित ने किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here