राज्यसभा में हंगामा-नारेबाजी, कांग्रेस ने किया वॉकआउट

0
3

नई दिल्ली, 09 फ़रवरी (हि.स.)।

राज्यसभा में सोमवार को कांग्रेस सांसदों ने लोकसभा में नेता-प्रतिपक्ष राहुल गांधी को न बोलने देने के मुद्दे पर जमकर हंगामा हुआ। प्रश्नकाल शुरू होते ही दोपहर 12 बजे राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने यह मुद्दा उठाया। उत्तरप्रदेश से भाजपा सांसद डा. के लक्ष्मण के सवाल और केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी के जवाब के समय राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे व अन्य सांसदों ने विरोध शुरू किया।

प्रश्रकाल के दौरान कांग्रेस सांसदों ने मांग की कि राहुल गांधी को लोकसभा में बोलने दिया जाए। इस पर सभापति सी. पी. राधाकृष्णन ने कहा कि वह दूसरे सदन में हुई घटनाओं पर चर्चा न करें।

इस पर

खड़गे ने कहा कि वह संविधान से जुड़े मुद्दे उठा रहे हैं और संसद दोनों सदनों — लोकसभा और राज्यसभा — से मिलकर बनी है। उन्होंने कहा कि निचले सदन में नेता प्रतिपक्ष को बोलने की अनुमति नहीं दी जा रही है। हालांकि सभापति ने इस मुद्दे को उठाने की अनुमति नहीं दी और कहा कि खड़गे द्वारा कही गई कोई भी बात रिकॉर्ड में नहीं जाएगी।

इसके बाद प्रश्नकाल की कार्यवाही हंगामे के बीच जारी रही। खड़गे और अन्य विपक्षी नेता बोलने की मांग करते रहे। जब सभापति नहीं माने, तो विपक्षी सदस्यों ने नारेबाजी शुरू कर दी और सत्तारूढ़ भाजपा पर महिला सांसदों के अपमान का आरोप लगाया। तृणमूल कांग्रेस को छोड़कर विपक्षी दलों के सांसद नारे बाजी करते रहे। कुछ देर तक नारेबाजी के बाद विपक्षी सांसदों ने सदन से बहिर्गमन कर दिया। कांग्रेस के वॉकआउट के बाद सदन की कार्यवाही चलती रही। वहीं, लोकसभा की कार्यवाही तीन बार स्थगित किए जाने के बाद अपराह्न 2 बजे ही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here