महाशिवरात्रि पर श्री काशी विश्वनाथ को माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड का पावन उपहार

0
1

वाराणसी, 07 फरवरी (हि.स.)। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की ओर से भगवान श्री विश्वेश्वर (श्री काशी विश्वनाथ महादेव) के लिए विशेष उपहार एवं प्रसाद भेजा गया है। यह पावन भेंट शनिवार को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास कार्यालय में प्राप्त हुई।

महाशिवरात्रि के इस शुभ अवसर पर काशी विश्वनाथ धाम में सनातन परंपरा को और अधिक समृद्ध करने वाले इस भावपूर्ण नवाचार को लेकर शिवभक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला। उपहार के आगमन के साथ ही धाम परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय माता दी’ के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। इस पावन भेंट के लिए श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया है।

मंदिर न्यास की ओर से बताया गया कि इस वर्ष महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर एक अभिनव पहल के तहत देश के विभिन्न प्रसिद्ध देवालयों एवं देवी-देवताओं की ओर से भगवान विश्वनाथ के लिए शुभेच्छास्वरूप उपहार प्रेषित किए जा रहे हैं। यह नवाचार महाशिवरात्रि महोत्सव को आध्यात्मिक दृष्टि से नई ऊंचाइयां प्रदान कर रहा है।

मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने कहा कि शक्ति स्वरूपा माता वैष्णो देवी की ओर से काशी में स्थित भगवान विश्वनाथ को अर्पित यह पावन उपहार शाश्वत शक्ति–शिव संबंध का सजीव प्रतीक है। यह भेंट श्रद्धालुओं के लिए भक्ति, आस्था और आध्यात्मिक अनुभूति का विशेष माध्यम बनेगी तथा सनातन संस्कृति की मूल भावना को सशक्त रूप से जनमानस के समक्ष प्रस्तुत करेगी।

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने महाशिवरात्रि पर्व पर भगवान श्री विश्वेश्वर के लिए यह पावन उपहार भेजने पर श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की है। साथ ही, मंदिर न्यास ने यह भी स्पष्ट किया कि मां वैष्णो देवी के प्रधान उत्सव के अवसर पर भगवान विश्वनाथ की ओर से मां वैष्णो देवी को भी उपहार प्रेषित किए जाएंगे, जिससे सनातन आस्था के प्रमुख केंद्रों के मध्य स्थायी पुण्य संबंध और अधिक सुदृढ़ हो सकें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here