मप्र में मैराथन में कोलकाता के युवक की तबीयत बिगड़ने से मौत

0
87

इंदौर, 01 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में रविवार सुबह मैराथन में प्रतिभाग कर रहे कोलकाता के एक युवक की अचानक तबीयत खराब होने से उसकी मौत हो गई। इस दौरान उसे सीपीआर दिया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच पाई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

दरअसल, रविवार सुबह इंदौर में मैराथन का आयोजन किया गया था। इसमें 5 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 21 किलोमीटर की दौड़ थी। कोलकाता निवासी 25 वर्षीय आर्यन तोड़ी ने इंदौर में आयोजित इस मैराथन के रजिस्ट्रेशन कराया था। वह सुबह दौड़ में शामिल हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आर्यन मैराथन पूरी करने के बहुत करीब था। नेहरू स्टेडियम के फिनिश पॉइंट से महज 100 मीटर पहले उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। उसके सीने में अचानक दर्द उठा और वह स्टेडियम में गिर पड़ा। उस वक्त मैराथन पूरी हो चुकी थी।

कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. भरत रावत युवक के पीछे ही थे। उन्होंने युवक को संभाला और सीपीआर भी दिया। इसके बाद युवक को एम्बुलेंस से एमवाई अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद आर्यन को बॉम्बे हॉस्पिटल भी लेकर गए, लेकिन वहां भी उसे मृत ही बताया गया। डॉ. भारत रावत ने बताया कि 21 किलोमीटर की मैराथन में वे इस युवक के ठीक पीछे दौड़ रहे थे। फिनिश लाइन से लगभग 100 मीटर पहले मैंने उसे सड़क पर गिरते हुए देखा। वहां मौजूद कुछ लोगों की मदद से तुरंत सीपीआर देना शुरू किया गया और सीपीआर जारी रखते हुए हम उसे एम्बुलेंस के माध्यम से निकटतम एमवाई अस्पताल ले गए। अस्पताल में भी सभी अथक प्रयास किए गए, लेकिन दुर्भाग्यवश हम उसे बचा नहीं पाए।

घटना की जानकारी मिलते ही आयोजन समिति और पुलिस मौके पर पहुंची। शुरुआती तौर पर मौत की वजह हार्ट अटैक मानी जा रही है। हालांकि, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है, ताकि मौत की असली वजह पता चल सके। परिजन को जानकारी दे दी गई है।

एक दिन पहले ही सीआरपी से बची थी महिला डॉक्टर

ठंड के इस मौसम में हार्ट अटैक के मामले काफी बढ़ गए हैं। इंदौर में अचानक तबीयत बिगड़ने का दो दिन में यह दूसरा मामला है। एक दिन पहले ही इंदौर में एक इंटरनेशनल यूरोलॉजी कॉन्फ्रेंस के दौरान महिला डॉक्टर को कार्डियक अरेस्ट आ गया था। प्रेजेंटेशन देते समय अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वे मंच पर ही गिर पड़ीं। मौके पर मौजूद डॉक्टरों और डेलिगेट्स ने तुरंत सीपीआर दिया। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी सांसें लौट आईं। हालांकि उनकी हालत अभी गंभीर बनी हुई है। उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। डॉक्टरों के मुताबिक स्थिति काफी क्रिटिकल बनी हुई है।

दरअसल, इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में इंटरनेशनल यूरोलॉजी कांफ्रेंस चल रही है। इसमें देश-विदेश के यूरोलॉजिस्ट शामिल हुए हैं। शनिवार को कांफ्रेंस का तीसरा दिन था। इस दिन मेंगलोर से आई 40 वर्षीय डॉ. श्रीन भूटिया को भाषण देते समय अचानक कार्डियक अरेस्ट आया। वे मंच पर बोलते-बोलते बेहोश होकर गिर पड़ीं। उस समय हाल में लगभग 200 विशेषज्ञ डॉक्टर उपस्थित थे। स्थिति को समझते हुए वहां मौजूद डॉक्टरों ने बिना समय गंवाए तुरंत सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) देना शुरू किया। कुछ ही मिनटों में डॉक्टर की सांस और नब्ज में सुधार दिखने लगा। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पास के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि समय पर सीपीआर मिलने के कारण उनकी जान बच सकी। डॉक्टर को राजश्री अपोलो अस्पताल रेफर किया गया, जहां वे फिलहाल आईसीयू में भर्ती हैं। डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

#मप्रमैराथन #कोलकातायुवकमौत

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here