भिवाड़ी केमिकल पटाखा फैक्ट्री में आग, सात मजदूरों की मौत

0
4

प्रधानमंत्री ने राजस्थान के भिवाड़ी में आग लगने की घटना पर जताया दुख

अलवर, 16 फ़रवरी (हि.स.)। भिवाड़ी की खुशखेड़ा कारोली की एक केमिकल और पटाखा बनाने वाली फैक्टरी में सोमवार सुबह अचानक भीषण आग लग गयी। धमाकों और आग की लपटों के बीच फैक्टरी में काम कर रहे मजदूरों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे में अब तक सात लोगों की झुलसने से मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि एक मजदूर के अब भी अंदर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद भिवाड़ी, खुशखेड़ा, तिजारा, धारूहेड़ा, रेवाड़ी सहित कई जगह की दमकल मौके पर आग बुझाने के लिए पहुंचीं और आग पर काबू पा लिया है। प्रधानमंत्री ने राजस्थान के भिवाड़ी में आग लगने की घटना पर दुख जताया।

यह हादसा सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे खुशखेड़ा के कारोली औद्योगिक क्षेत्र में हुआ। उस समय फैक्टरी में लगभग 25 मजदूर कार्यरत थे। अचानक हुए तेज धमाके के बाद आग ने पूरी यूनिट को अपनी चपेट में ले लिया। विस्फोट इतना भीषण था कि सात मजदूर जिंदा जल गए। कई शव बुरी तरह जल चुके थे और घटनास्थल पर शरीर के अंगों के टुकड़े बिखरे मिले, जिन्हें रेस्क्यू टीम ने पॉलीथीन में एकत्र किया। मृतकों की शिनाख्त डीएनए जांच से कराई जा रही है।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संबंधित फैक्टरी में अवैध रूप से पटाखों का निर्माण किया जा रहा था। मौके से बारूद, तैयार पटाखे और पैकिंग सामग्री बरामद हुई है।

वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर कहा कि यह गारमेंट जोन है, यहां दूसरा व्यवसाय नहीं हो सकता। प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि गेट पर ताले लगाकर गैरकानूनी तरीके से पटाखे बनाने का कार्य किया जा रहा था। राज्य सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि मृतकों की पहचान डीएनए से कराई जा रही है। इस दुखद घटना की गहन जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता दी जाएगी। मंत्री अस्पताल भी पहुंचे और घायलों की स्थिति की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने पुलिस थाने में मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।

खैरथल-तिजारा जिला कलेक्टर डॉ. अर्तिका शुक्ला ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह छोटा एक्सप्लोसिव मटेरियल प्रतीत हो रहा है और गैस रिसाव की पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने आगामी सात दिनों में पूरे औद्योगिक क्षेत्र की सभी इकाइयों की व्यापक जांच के निर्देश दिए हैं। जांच के दौरान संचालित गतिविधियों, अग्नि सुरक्षा उपायों, वैधानिक अनुमतियों और श्रमिक सुरक्षा मानकों की गहन समीक्षा की जाएगी। नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

राज्य के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार पूरे घटनाक्रम की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है। राज्य सरकार ने मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की है और रीको सहित संबंधित विभागों को सघन निरीक्षण के निर्देश दिए हैं।

इस बीच राजस्थान के नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने घटना को लेकर सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद और चिंताजनक घटना है, जिसने सरकार के सुशासन और बेहतर कानून व्यवस्था के दावों की पोल खोल दी है। जूली ने आरोप लगाया कि समय पर सूचना और राहत नहीं पहुंचने से हताहतों की संख्या बढ़ी। उन्होंने कहा कि भिवाड़ी प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में से एक है, जहां से सरकार को भारी राजस्व प्राप्त होता है। ऐसे में सुरक्षा मानकों, निगरानी और अनुमति प्रक्रिया पर गंभीर प्रश्न खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि वहां विस्फोटक सामग्री संग्रहीत की जा रही थी। ऐसे में किन विभागों ने अनुमति दी? कौन-कौन से विभाग नियमित जांच के लिए जाते हैं और मॉनिटरिंग की क्या व्यवस्था थी? सरकार को इन सभी बिंदुओं पर जवाब देना चाहिए।

मृतकों की हुई पहचान

1__सुजांत पुत्र शिव पासवान , मोतिहारी जिला

2__मिंटू पुत्र सिकंदर पासवान , मोतिहारी जिला

3__अजीत पुत्र सुरेंद्र , मोतिहारी जिला

4__रवि पुत्र राजदेव ,मोतिहारी जिला

5__श्याम पुत्र जयदेव , चंपारण जिला

6_अमरेश पुत्र कृष्ण लाल ,चंपारण जिला

7_ अभी पहचान नहीं हुई

मृतकों के परिजनों को 3 लाख रुपए की आर्थिक सहायता

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन लगातार पूरे घटनाक्रम की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। पीड़ित परिवारों की सहायता के लिए शासन उप सचिव को पत्र भेजा गया, जिस पर मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री सहायता कोष से मृतकों के परिजनों को तीन-तीन लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

7 दिन में सभी औद्योगिक इकाइयों की होगी जांच

घटना को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने औद्योगिक क्षेत्र की सभी इकाइयों की आगामी सात दिनों में व्यापक जांच के निर्देश दिए हैं। इस दौरान अग्नि सुरक्षा व्यवस्था, वैधानिक अनुमति, श्रमिक सुरक्षा मानकों एवं संचालित गतिविधियों की गहन समीक्षा की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाली इकाइयों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्लॉट एवं फैक्ट्री मालिक सहित 4 के खिलाफ एफआईआर दर्ज

घटना के संबंध में पुलिस ने फैक्ट्री एवं प्लॉट मालिक सहित चार के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रशासन द्वारा हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कराई जा रही है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों को हरसंभव सहायता देने का भरोसा दिलाया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आज सुबह करीब 9.30 बजे तेज धमाके की आवाज के साथ देखते ही देखते आग ने पूरी यूनिट को अपनी चपेट में ले लिया। फैक्टरी में ज्वलनशील केमिकल और पटाखा सामग्री रखी होने के कारण आग तेजी से फैल गई। मौके पर पहुंची दमकल की कई गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसा का है। रीको‌ के फायर अधिकारी राजू खान ने बताया कि घटनास्थल से अब तक सात शव मिल चुके हैं। हादसा इतना भयावह था कि कई शव बुरी तरह झुलस गए। रेस्क्यू टीम को बॉडी पार्ट्स प्लास्टिक बैग में इकट्ठा करने पड़े। प्रशासन ने मृतकों की शिनाख्त के लिए डीएनए जांच कराने की बात कही है।

जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। फैक्टरी में सुरक्षा मानकों की जांच शुरू कर दी गई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रशासन ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। मौके पर पुलिस और प्रशासन के तमाम अधिकारी सहित बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हैं।

प्रधानमंत्री ने राजस्थान के भिवाड़ी में आग लगने की घटना पर जताया दुख

नई दिल्ली, 16 फरवरी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को राजस्थान के भिवाड़ी में आग लगने की घटना पर दुख जताया। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने साेशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर दुख व्यक्त करते हुए लिखा कि राजस्थान के भिवाड़ी में आग लगने की घटना अत्यंत दु:खद है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

उल्लेखनीय है कि, राजस्थान के भिवाड़ी के खुशखेड़ा करौली औद्योगिक क्षेत्र स्थित प्लॉट संख्या जी1/118बी में सोमवार सुबह अग्निकांड की घटना सामने आई, जहां संचालित एक निजी औद्योगिक इकाई में अचानक आग लग गई। इस हादसे में अब तक सात लोगों के मौत की सूचना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here