प्रधानमंत्री शुक्रवार को ‘परीक्षा पे चर्चा’ करेंगे

0
42

नई दिल्ली, 05 फ़रवरी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विद्यार्थियों से संवाद का कार्यक्रम ‘परीक्षा पे चर्चा’ अपने नवें संस्करण के साथ शुक्रवार सुबह 10 बजे आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष यह कार्यक्रम पहली बार देश के विभिन्न स्थानों पर एक साथ आयोजित किया जा रहा है।

शिक्षा मंत्रालय के अनुसार परीक्षा पे चर्चा 2026 का सीधा प्रसारण प्रधानमंत्री मोदी के यूट्यूब चैनल, दूरदर्शन तथा शिक्षा मंत्रालय के सोशल मीडिया मंचों पर किया जाएगा। इसके अतिरिक्त वेव्स ओटीटी, अमेजन प्राइम वीडियो, जियो, ज़ी फाइव, सोनी लिव और स्पॉटिफाई पर भी कार्यक्रम का सीधा प्रसारण उपलब्ध रहेगा।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप परीक्षा पे चर्चा का उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और समग्र कल्याण को बढ़ावा देना है तथा परीक्षा को जीवन के एक उत्सव के रूप में देखने की भावना विकसित करना है। प्रधानमंत्री ने अपने विचारों को अपनी पुस्तक “एग्जाम वॉरियर्स” में भी संकलित किया है, जो कई भाषाओं के साथ-साथ ब्रेल लिपि में भी उपलब्ध है।

प्रधानमंत्री द्वारा परिकल्पित यह कार्यक्रम हर साल नए और अभिनव स्वरूप के साथ आयोजित किया जाता है। परीक्षा पे चर्चा 2026 में पहली बार दिल्ली के साथ-साथ तमिलनाडु के कोयंबटूर, छत्तीसगढ़ के रायपुर, गुजरात के देव मोगरा तथा असम के गुवाहाटी में भी आयोजन किया गया, जिससे देश के उत्तर, दक्षिण, पूर्व, पश्चिम और मध्य क्षेत्रों को समान रूप से शामिल किया गया है।

कार्यक्रम से पूर्व देशभर के विद्यालयों में अनेक विद्यार्थी-केंद्रित गतिविधियां आयोजित की गईं। इनमें स्वदेशी संकल्प दौड़, आत्मनिर्भरता की भावना को बढ़ावा देने के लिए छात्र-छात्राओं द्वारा आयोजित दौड़,पदयात्रा तथा पराक्रम दिवस के अवसर पर चयनित केंद्रीय विद्यालयों में प्रश्नोत्तरी और लेखन प्रतियोगिताएं शामिल रहीं। इन गतिविधियों में लगभग चार करोड़ 81 लाख विद्यार्थियों ने सहभागिता की।

समय के साथ यह कार्यक्रम एक राष्ट्रव्यापी जन आंदोलन का रूप ले चुका है। इस वर्ष मायगव पोर्टल के माध्यम से चार करोड़ पचास लाख से अधिक विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने पंजीकरण कराया है, जो अब तक का सर्वाधिक आंकड़ा है। यह व्यापक सहभागिता सभी राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों तथा शिक्षा मंत्रालय के अधीन स्वायत्त संस्थाओं के निरंतर सहयोग और साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

#प्रधानमंत्रीशुक्रवार #परीक्षा _पे_ चर्चा’

———-

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here