नीच शब्द कहना जातिसूचक गाली नहीं: हाईकोर्ट

0
2

जोधपुर, 07 फरवरी (हि.स.)। राजस्थान हाईकोर्ट ने आईआईटी जोधपुर के डायरेक्टर और एसोसिएट प्रोफेसर के बीच हुए विवाद के केस में कहा कि ‘नीच’ कहना मात्र जाति के आधार पर अपमान नहीं माना जा सकता। जस्टिस संदीप शाह की एकलपीठ ने डॉ. दीपक अरोड़ा की याचिका पर सुनवाई करते हुए एससी/एसटी एक्ट के तहत आपराधिक कार्रवाई को रद्द कर दिया। कोर्ट ने शनिवार को ऑर्डर पास किया। हालांकि, कोर्ट ने स्पष्ट किया कि एसोसिएट प्रोफेसर के खिलाफ पुलिस जांच जारी रहेगी।

दरअसल यह पूरा मामला दो सितंबर 2025 का है। आईआईटी जोधपुर के कार्यवाहक रजिस्ट्रार अंकुर गुप्ता ने करवड़ थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। आरोप था कि एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. दीपक अरोड़ा संस्थान के डायरेक्टर प्रोफेसर अविनाश अग्रवाल के ऑफिस में चर्चा कर रहे थे। इसी दौरान उनके बीच विवाद हो गया था। प्रोफेसर दीपक अरोड़ा ने डायरेक्टर पर हमला कर दिया था। जब वहां मौजूद ऑफिस असिस्टेंट विवेक गौतम और अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव किया तो प्रोफेसर दीपक अरोड़ा ने विवेक गौतम के साथ मारपीट की। उनके लिए ‘नीच’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गालियां दीं। पुलिस ने मामले में बीएनएस की धाराओं के साथ-साथ एससी/एसटी एक्ट की धारा के तहत मामला दर्ज किया था। इसे डॉ. दीपक अरोड़ा की ओर से हाईकोर्ट में चुनौती दी गई थी।

पब्लिक व्यू और नीच शब्द पर दलीलें

याचिकाकर्ता के अधिवक्ता राजेश जोशी, हर्षित बोरानी ने तर्क दिया कि यदि एफआईआर के तथ्यों को सच मान भी लिया जाए तो भी एससी/एसटी एक्ट का कोई अपराध नहीं बनता है। वकील ने दलील दी कि जिस ऑफिस में घटना हुई, वह ‘पब्लिक व्यू’ की श्रेणी में नहीं आता। जो एससी/एसटी एक्ट की धाराओं के लिए अनिवार्य शर्त है। साथ ही यह भी तर्क दिया गया कि ‘नीच’ शब्द किसी जाति का नाम नहीं है, बल्कि यह किसी के चरित्र को बताने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला सामान्य शब्द है। शिकायतकर्ता की ओर से एएजी दीपक चौधरी और डिप्टी जीए ललित किशोर सैन ने तर्क दिया कि आईआईटी के डायरेक्टर एक ‘लोक सेवक’ हैं। आरोपी प्रोफेसर ने जानबूझकर जाति के आधार पर अपमानित करने के उद्देश्य से इन शब्दों का प्रयोग किया। उन्होंने दलील दी कि वहां अन्य कर्मचारियों की मौजूदगी इसे ‘पब्लिक व्यू’ के दायरे में लाती है।

हाईकोर्ट की महत्वपूर्ण टिप्पणी

कोर्ट ने ‘स्वरण सिंह बनाम राज्य’ मामले का हवाला देते हुए कहा कि एससी/एसटी एक्ट के तहत अपमान सार्वजनिक दृष्टि में होना चाहिए। यह घटना डायरेक्टर के बंद कमरे (चेंबर) के अंदर हुई थी, जहां जनता की पहुंच नहीं थी। इसलिए इसे ‘पब्लिक व्यू’ नहीं माना जा सकता। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि ‘नीच’ शब्द का अर्थ नीच या अधम होता है, जिसका उपयोग किसी के खराब नैतिक चरित्र को दर्शाने के लिए किया जाता है। यह किसी विशेष समुदाय या जाति का नाम नहीं है। कोर्ट ने पूर्व के फैसलों का हवाला देते हुए कहा कि ‘नीच’ कहना जाति आधारित अपमान की श्रेणी में नहीं आता। कोर्ट ने याचिकाकर्ता के इस तर्क को खारिज कर दिया कि आईआईटी डायरेक्टर लोक सेवक नहीं हैं। कोर्ट ने कहा कि आईआईटी अधिनियम, 1961 के तहत संस्थान राष्ट्रीय महत्व का है और इसके निदेशक की नियुक्ति केंद्र सरकार की परिषद की ओर से की जाती है, इसलिए वे ‘लोक सेवक’ की श्रेणी में आते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here