डब्ल्यूपीएल 2026:मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 50 रन से रौंदा

खेल

0
11

नवी मुंबई, 10 जनवरी (हि.स.)। डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई इंडियंस (एमआई) ने WPL 2026 में जोरदार वापसी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) को 50 रन से करारी शिकस्त दी। सीजन के पहले मैच में मिली हार के महज 24 घंटे के भीतर एमआई ने डीवाई पाटिल स्टेडियम में दमदार प्रदर्शन कर अपना खाता खोला।

कप्तान हरमनप्रीत कौर और ऑलराउंडर नैट स्किवर-ब्रंट की शानदार पारियों ने एमआई की जीत की नींव रखी। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 195 रन बनाए। स्किवर-ब्रंट ने 46 गेंदों में 70 रन की सधी हुई पारी खेली, जबकि हरमनप्रीत कौर ने 42 गेंदों में नाबाद 74 रन ठोकते हुए पारी को शानदार अंजाम तक पहुंचाया।

195 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत बेहद खराब रही। पावरप्ले के भीतर ही उसका शीर्ष क्रम ढह गया। हालांकि चिनेल हेनरी ने 30 गेंदों में 56 रन की आक्रामक पारी खेलकर कुछ देर संघर्ष किया, लेकिन अन्य बल्लेबाजों से उन्हें कोई खास साथ नहीं मिला। पूरी टीम 19 ओवर में 149 रन पर सिमट गई।

मुंबई की गेंदबाजी में अमेलिया केर और निकोला कैरी ने निर्णायक भूमिका निभाई। दोनों ने तीन-तीन विकेट चटकाए और दिल्ली की रन गति पर लगातार अंकुश लगाए। नई गेंद से एमआई के अनुशासित आक्रमण ने दिल्ली को शुरुआत में ही बैकफुट पर धकेल दिया, जिससे वापसी का मौका नहीं मिल सका।

इस जीत के साथ मुंबई इंडियंस ने टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की और यह साफ संकेत दिया कि गत चैंपियन टीम खिताब की प्रबल दावेदार बनी हुई है। वहीं दिल्ली कैपिटल्स को अपनी बल्लेबाजी और शुरुआती झटकों से उबरने के लिए जल्द सुधार की जरूरत होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here