
मुरादाबाद, 2 फरवरी (हि.स.)। गाजियाबाद के साहिबाबाद में ट्रांसपोर्ट कंपनी चलाने वाले मुरादाबाद के थाना मैनाठेर क्षेत्र निवासी चाचा-भतीजे से एक ट्रांसपोर्टर ने ट्रक से माल ढुलाई कराई और 58 लाख का भाड़ा नहीं दिया। भाड़ा मांगने पर गाली गलौज कर धमकी देते हुए फायरिंग की। शिकायत पर मुरादाबाद के थाना मैनाठेर पुलिस ने मामले में गाजियाबाद निवासी आरोपित ट्रांसपोर्टर, उसके बेटे और एक अज्ञात के खिलाफ सोमवार केस दर्ज किया है।
मैनाठेर थाना क्षेत्र के गांव असदपुर निवासी मोहम्मद जावेद और शदाब अली ने बीते दिनों एसएसपी को शिकायती पत्र देकर बताया कि वह दोनों लोग गाजियाबाद के साहिबाबाद में हबीबी एंटरप्राइजेज ट्रांसपोर्ट कंपनी चलाते हैं। दोनों आपस में चाचा-भतीजे हैं। दोनों ने बताया कि साहिबाबाद ट्रांसपोर्ट एरिया के जानी बार्डर चिकम्बपुर में स्थित झारखंड बंगाल फ्राइट कैरयर प्रा.लि. के मालिक दलजीत सिंह उन दोनों की ट्रांसपोर्ट कंपनी से गाड़िया लोड कराते हैं।
पीड़ित जावेद के अनुसार दलजीत सिंह पर उनका 12 लाख रुपये गाड़ियों का भाड़ा बकाया चल रहा है। जबकि शादाब अली के भी दलजीत सिंह पर 46 लाख रुपये बकाया है। कई बार दलजीत सिंह और उनके बेटे मुनींद्र सिंह बकाया चल रहे 58 लाख रुपये मांगने पर टालमटोल करते रहे। बकाये के चलते ट्रकों का संचालन रुक गया। पीड़ितों के अनुसार बीते 8 नवंबर 2025 को दलजीत सिंह की कंपनी ने उनकी गाड़ी पर बिहार के सीतामढ़ी के लिए माल लोड कराया। इसके बाद जब उनसे पैसा मांगा तो दलजीत सिंह और उनके बेटे ने भुगतान करने में असमर्थता जताई। पीड़ितों के अनुसार दलजीत सिंह ने पैसे देने से मना किया तो वह उनके द्वारा लोड कराया गया माल से भरा ट्रक मैनाठेर के डींगरपुर में खड़ा करा दिया और 10 नवंबर 2025 को मैनाठेर थाने पर एक शिकायती पत्र दिया। नोटिस देने के बाद दलजीत सिंह, अपने बेटे मुनींद्र सिंह उर्फ काका और एक अज्ञात व्यक्ति के साथ उनके पास आया। आरोपियों ने धमकी दी कि यदि पैसे मांगे तो रंगदारी मांगने के झूठे केस में फंसा देंगे। गाली देते हुए तमंचे से फायर कर दिया, जिसमें जावेद और शादाब बाल-बाल बचे।
थाना मैनाठेर एसएचओ किरनपाल सिंह ने बताया कि तहरीर पर दो नामजद समेत तीन आरोपियों के खिलाफ अमानत में खयानत और जानलेवा हमले का केस दर्ज किया है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएगा उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी
