एक ही परिवार को श्रेय देने की परम्परा से देश को बाहर निकाला: नरेन्द्र मोदी

Date:

-अटलजी की जयंती पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्र प्रेरणा स्थल का किया लोकार्पण- 65 एकड़ में बने प्रेरणा स्थल में श्यामा प्रसाद, दीनदयाल व अटल बिहारी की प्रतिमाएं हैं स्थापित

लखनऊ, 25 दिसंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने देश के विकास में योगान देने वाली महान विभूतियों का कद छोटा करने का कार्य किया। भाजपा की सरकार ने आंबेडकर, नरसिम्हा राव, प्रणब मुखर्जी, भगवान विरसा मुंडा से लेकर अटलजी तक के योगदान को समान रूप से सम्मान दिया और उनके योगदान को याद किया है। देश में दूसरों की लकीर छोटी कर एक ही परिवार को सारा श्रेय देने का प्रयास हुआ, भाजपा ने उसे भी बदला है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गुरुवार को यहां पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म शताब्दी महोत्सव के अवसर पर नवनिर्मित राष्ट्र प्रेरणा स्थल का लोकार्पण करने के बाद एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने क्रिसमस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज लखनऊ की यह धरती नयी प्रेरणा का साक्षी बन रही है। 25 दिसंबर का यह दिन दो महान विभूतियों के जन्म का सुयोग लेकर आता है। अटलजी और महामना मदन मोहन मालवीयजी की जयंती है। आज के ही दिन महाराजा बिजली पासी की भी जन्म जयंती है। महाराजा बिजली पासी ने जो विरासत छोड़ी, उसे हमारे पासी समाज ने आगे बढ़ाया। यह संयोग ही था कि अटलजी ने ही वर्ष 2000 में महाराजा बिजली पासी के नाम पर डाक टिकट जारी किया। इन महान विभूतियों काे नमन करता हूं।

नरेन्द्र मोदी ने कहा कि यह राष्ट्र प्रेरणा स्थल उस सोच का प्रतीक है जिसने भारत को आत्म सम्मान और एकता का मार्ग दिखाया। मुखर्जी, उपाध्याय और अटलजी की यह प्रतिमाएं जितनी ऊंची हैं, उससे अधिक ऊंची उनके विचार हैं। अटलजी कविता कदम मिलाकर…पढ़ते हुए माेदी ने कहा कि यह राष्ट्र प्रेरणा स्थल हमे संदेश देता है कि हमारा हर कदम राष्ट्र के लिए है। सबका प्रयास ही विकसित भारत के संकल्प का सिद्ध करेगा। इस भूमि पर पिछले कई दशकों से कूड़ा जमा था। प्रेरणा स्थल के निर्माण में लगे श्रमिकों और योगीजी की टीम को शुभकामनाएं देता हूं।

माेदी ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ही थे, जिन्होंने भारत के दो प्रधान दो विधान को खारिज किया था। भाजपा सरकार को आर्टिकल 370 को गिराने का अवसर मिला। स्वतंत्र भारत के पहले उद्योग मंत्री के रूप में देश को पहली औद्योगिक नीति दी। आज आत्मनिर्भरता के उसी मंत्र को हम बुलंदी दे रहे हैं। आज भारत में निर्मित सामान पूरी दुनिया में पहुंच रहा है। यूपी में एक जनपद एक उत्पाद सफलता से आगे बढ़ रहा है। दूसरी ओर डिफेंस कॉरिडोर बन रहा है। दुनिया ने ब्रह्मोस को देखा। वह दिन दूर नहीं जब यूपी डिफेंस उत्पादक के रूप में देखा जाएगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दीनदयालजी ने एकात्म मानव वाद का दर्शन दिया। जहां शरीर, मन, बुद्धि, सबका विकास हो। हर जरूरतमंद को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के दायरे में लाने का प्रयास हो। यही सुशासन है। यह सच्चा सेक्युलरिज्म है। आज भारत में पहली बार बिना भेद भाव पक्का घर, बिजली, शौचालय, मुफ्त इलाज और अनाज मिल रहा है। पंडित दीनदयाल के विचारों क साथ न्याय हो रहा है। देश ने गरीबी को हराया है। यह इसलिए संभव हो सका क्योंकि भाजपा सरकार ने अंतिम व्यक्ति को प्राथमिकता दी।

मोदी ने कहा कि 2014 से पहले 25 करोड़ लोग ऐसे थे जो सरकार की सामाजिक सुरक्षा के दायरे में थे। आज 95 करोड़ उस दायरे में है। उप्र में भी बड़ी संख्या में लोगों को इसका लाभ मिला है। बैंक खाते कम ही लोगों के पास थे। बीमा भी नहीं मिल पाता था। बीमा के लिए योजनाएं बनाई गयीं। पहले यही गरीब लोग बीमा के बारे में सोच भी नहीं सकते थे। इन्हीं योजनाओं के जरिय हमारे गरीब परिवारों को लगभग 25 हजार करोड़ रुपये का लाभ मिला है।

माेदी ने कहा कि अटलजी ने सही मायने में सुशासन को जमीन पर उतारा। डिजिटल कार्य को आगे बढ़ाने के लिए अटलजी की सरकार में ही नींव रखी गयी थी। अटल सरकार की टेलीकॉम नीति की वजह से घर-घर में मोबाइल और इंटरनेट पहुंचा। आज अटलजी जहां भी होंगे, प्रसन्न होंगे, आज भारत मोबाइल निर्माता बन गया है। भारत में यूपी सबसे आगे है। प्रधानमंत्री मोदी ने अटल सरकार की सड़कों को लेकर हुए प्रयास का भी जिक्र किया।

कांग्रेस पर हमला बोलते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हमें यह नहीं भूलना है कि भारत के प्रत्येक उपलब्धि को एक ही परिवार से जोड़ने की प्रवृत्ति पनपी। एक ही परिवार का नाम, उनकी ही प्रतिमाएं लगाई गयीं, योजनाएं चलाई गयीं। भाजपा ने इस प्रवृत्ति से भी देश को बाहर निकाला है। हमारी सरकार हर किसी के योगदान को सम्मान दे रही है। आज नेताजी सुभाष चंद्र बोस के योगदान को याद किया जा रहा है। भाजपा ने आंबेडकर के पंचतीर्थ को विकसित किया। कांग्रेस ने सरदार पटेल के कद को छोटा करने का प्रयास किया गया। आज उनकी भव्य प्रतिमा स्थापित की गयी। उनके योगदान का याद किया जा रहा है। भगवान विरसा मुंडा के नाम पर स्मारक बना है। उप्र में ही महाराजा सुहेलदेव से लेकर निषाद राज तक का स्मारक बना है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि परिवारवाद के लोग असुरक्षा के शिकार होते हैं। इन्हें दूसरों की लकीर छोटी करने की आदत रही है। दिल्ली के म्यूजियम में अनेक प्रधानमंत्रियों को नजरअंदाज किया गया। भाजपा सरकार ने उसे भी बदला है। प्रधानमंत्री का कार्यकाल कितना भी छोटा रहा हो, उन्हें प्रधानमंत्री संग्रहालय में बराबर का सम्मान दिया गया है। नरसिम्हा राव और प्रणब दादा को भारत रत्न से नवाजा गया। तरुण गोगोई और मुलायम सिंह समेत अन्य नेताओं को भाजपा सरकार में सम्मान मिला।

मोदी ने कहा कि मुझे गर्व है कि मै उप्र से सांसद हूं। आज उप्र के मेहनतकश लोग विकास की नयी गाथा लिख रहे हैं। कभी यूपी खराब कानून व्यवस्था के लिए जाना जाता था। आज अयोध्या, काशी समेत अन्य स्थानों को विकसित करते हुए विकास की नई गाथा लिख रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने तीनों महान विभूतियों के नाम के जयकारे लगवाकर अपने भाषण का समापन किया। इस अवसर पर रक्षा मंत्री व लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह, राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केन्द्रीय वित्त राज्य मंत्री व यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक समेत उप्र सरकार के अन्य मंत्री व नेता मौजूद रहे।

ऐसा है राष्ट्र प्रेरणा स्थलप्रदेश की राजधानी लखनऊ की बसंत कुंज योजना के सेक्टर-जे में 65 एकड़ में विकसित राष्ट्र प्रेरणा स्थल में डॉ. श्याम प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीन दयाल उपाध्याय और अटलजी की विशालकाय कांस्य प्रतिमाएं स्थापित की गयी हैं। सभी प्रतिमाएं 65 फुट ऊंची हैं। राष्ट्र प्रेरणा स्थल लखनऊ में गोमती नदी के किनारे हरदोई मार्ग पर बनाया गया है। यहां पर कैफेटेरिया, ध्यान केन्द्र, रैली के लिए मैदान और सभागार जैसी सुविधाएं हैं। इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने इन महान विभूतियों के जीवन पर आधारित म्यूजियम का भी लोकार्पण किया। कमल के आकार के बने इस म्यूजियम का प्रधानमंत्री मोदी समेत अन्य नेताओं ने अवलोकन किया। भारत माता की प्रतिमा को स्थान दिया गया है। यहां आने वाले को भारत के 100 वर्ष की यात्रा की झलक दिख जाएगी।

राष्ट्र प्रेरणा स्थल का उद्घाटन) प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की छवि दुनिया में हुई बेहतर: राजनाथ सिंह

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आज राष्ट्र प्रेरणा स्थल के लोकार्पण समारोह में रक्षा मंत्री व क्षेत्रीय सांसद राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज पूरी दुनिया में भारत को गौरव दिलाने का काम कर रहे हैं। दुनिया के 29 देशों के सर्वोच्च पुरस्कार प्रधानमंत्री मोदी को अब तक मिले हैें। प्रधानमंत्री माेदी के नेतृत्व में भारत की पूरे विश्व में छवि बेहतर हुई है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई विशिष्टजनों की उपस्थिति में लखनऊ में बने राष्ट्र प्रेरणा स्थल का लोकार्पण किया। इस भव्य समाराेह में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पिछले 11 साल प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों की वजह से महंगाई दर कम हो रही है। इसी के साथ-साथ विकास दर आठ फीसदी हुई है। अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की आवाज मजबूत हुई है। अब भारत कुछ बोलता है तो पूरा विश्व ध्यान से सुनता है कि भारत कह क्या रहा है। माेदी के नेतृत्व में भारत की पूरे विश्व में छवि बेहतर हुई है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि आज यह बेहद महत्वपूर्ण अवसर है, जब लखनऊ में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, पंडित दीन दयाल उपाध्याय और पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा वाले राष्ट्र प्रेरणा स्थल का लोकार्पण हो रहा है। मोदी सरकार एक भारत श्रेष्ठ भारत के साथ महापुरुषों के सम्मान और विरासत को संजोने का अभियान चला रही है और यह उसी अभियान का एक हिस्सा है। इन महापुरुषों की वैचारिक प्रतिबद्धताओं को उल्लेख करते हुए केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने भारतीय एकता और अखंडता के लिए अपना जीवन ब​लिदान दिया। कश्मीर में धारा 370 को हटाने के लिए संघर्ष किया और उसे आगे बढ़ाते हुए यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटा कर पूरा किया। पंडित दीन दयाल उपाध्याय ने एकात्म मानववाद और अंत्योदय का मंत्र दिया और बताया कि व्यक्ति धन से ही सुखी नहीं होता है बल्कि उसके मन, आत्मा और विचार से भी सुखी होना चाहिए। व्यक्ति की आत्मा का परमात्मा से भी मिलन होना चाहिए।

लखनऊ से सांसद रह चुके भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की चर्चा करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि अटलजी के बारे में लखनऊ के लोग अच्छी तरह से जानते हैं। उनके विनोदी स्वभाव को भी जानते हैं। केंद्रीय रक्षामंत्री ने अपने संबोधन में अटलजी की पाकिस्तान की एक यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि अटलजी से एक महिला पत्रकार ने शादी करने का प्रस्ताव देते हुए कि कश्मीर देना पड़ेगा तो अटलजी ने अपने विनोदी स्वभाव के अनुसार बोले हां स्वीकार है, लेकिन दहेज में पूरा पाकिस्तान मिलना चाहिए। अपने संबाेधन में केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने माेदी सरकार के मनरेगा का नाम बदलने का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले के कानून में कई तरह की विसंगतियां थीं, लेकिन अब दुरुस्त किया गया है और लोगों को 125 दिन के काम की गारंटी दी गई है। गांवों में बुनियादी ढांचे का निर्माण होगा।

राजनाथ ने की याेगी की प्रशंसा

लखनऊ से सांसद राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन में मुख्यमंत्री आदित्यनाथ की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी देखरेख में इतना भव्य और शानदार राष्ट्र प्रेरणा स्थल बनकर तैयार हुआ है। उन्हाेंने कहा कि राज्य और केंद्र सरकारें लगातार देश की आम जनता की बेहतरी के काम कर रही हैं। इसी के साथ-साथ वह अतीत में हुए अपने राष्ट्र नायकों को सम्मान भी दे रही हैं। इस अवसर पर उन्होंने पंडित मदन मोहन मालवीय की जयंती पर याद किया। केंद्रीय मंत्री ने महापुरुषों की प्रतिमाओं के शिल्पकार राम सुतार को भी नमन किया।

अटलजी के सुशासन के मंत्र को अब आगे बढ़ा रहे हैं प्रधानमंत्री मोदी: याेगी आदित्यनाथ

राष्ट्र प्रेरणा स्थल के उद्घाटन के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपना भाषण सिया वर रामचंद्र के जयकारे के साथ शुरू किया। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आज हम सबके लिए गौरव का पल है। इस राष्ट्र प्रेरणा स्थल में प्रधानमंत्री मोदी के विजन के ही अनुरूप भारत को नई दिशा देने वाले तीन महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित की गयी हैं। डाॅ. मुखर्जी ने एक भारत श्रेष्ठ भारत का मंत्र दिया था। उनका वह सपना आज साकार हो रहा है। पंडित दीन दयाल उपाध्याय ने अंत्योदय का मूल मंत्र दिया। अंत्योदय के मूल मंत्र और अटलजी के सुशासन के मंत्र को साकार रूप देने वाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज इस राष्ट्र प्रेरणा स्थल का लोकार्पण कर रहे हैं। यह हमारा सौभाग्य है कि यह साल अटलजी का जन्मशताब्दी वर्ष है। मुख्यमंत्री याेगी ने कहा कि अटलजी ने कहा था कि अंधेरा छटेगा, सूरज निकलेगा और कमल खिलेगा। आज वह दिख रहा है। अटलजी ने भारत को जो सुशासन दिया था, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज उसे आगे बढ़ा रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related

प्रदूषण का स्तर घटा, हटाईं गईं ग्रैप 4 की पाबंदियां

नई दिल्ली, 20 जनवरी (हि.स.)। दिल्ली की हवा की...

राम मंदिर निर्माण भारत की सभ्यतागत यात्रा का निर्णायक क्षण: उपराष्ट्रपति

नई दिल्ली, 20 जनवरी (हि.स.)। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने...

कस्तूरी मेटल कंपोजिट लिमिटेड का आईपीओ 27 जनवरी को खुलेगा, प्राइस बैंड 21-23 रुपये प्रति शेयर

नई दिल्‍ली, 20 जनवरी (हि.स)। कस्तूरी मेटल कंपोजिट लिमिटेड...

देश के आठ प्रमुख उद्योगों की वृद्धि दर दिसंबर में 3.7 फीसदी पर

नई दिल्‍ली, 20 जनवरी (हि.स)। अर्थव्‍यवस्‍था के मोर्चे पर...
en_USEnglish