
प्रयागराज, 25 जनवरी (हि.स.)। हिन्दू राष्ट्र से ही विश्व में शांति स्थापित की जा सकती है,हमारी परंपरा वसुधैव कुटुम्बकम् की रही है। यह रविवार को श्री बड़े हनुमान जी मंदिर के गर्भगृह में विश्वशांति के लिए आयोजित विशेष पूजा अर्चना करने के बाद श्री श्री 1008 लाल बाबा महाराज ने कही।
उन्होंने कहाकि हम जीव में शिव को देखते हैं,हमारी परंपरा ‘स्व’ से सर्वत्र की रही है, यही हिन्दू राष्ट्र का आधार स्तंभ है। उन्होंने कहा कि हिन्दू राष्ट्र का मतलब एक भूखंड तक सीमित नहीं है। सनातन परंपरा में कर्म और नैतिकता का विशेष महत्त्व है,यही राम राज्य की संकल्पना भी है। इसलिए भारत को हिन्दू राष्ट्र बनाने के लिए,पूरे देश में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि देश की भूमि माँ के सामान है, हमारी आस्था वन्दे मातरम् में है। देश की 80 फीसद आबादी हिन्दुओं की है,इसलिए भारतीय परंपरा नैतिकता,संस्कृति को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाने की जरूरत है। हिन्दू राष्ट्र में जाति,धर्म,सम्प्रदाय का कोई स्थान नहीं है। देश के सभी नागरिकों का समान अधिकार होगा।
उन्होंने कहा कि ‘सत्यमेव जयते’ ही हमारी परंपरा रही है। धर्म निरपेक्षता वर्त्तमान समय में अप्रासंगिक है, यह केवल धर्म विशेष के लिए तुष्टिकरण का माध्यम है। इसलिए हिन्दू राष्ट्र की संकल्पना साकार हो, इसके लिए हर संभव प्रयास जारी रहेगा। यह अभियान काशी सुमेरु पीठाधीश्वर जगद्गुरु स्वामी नरेन्द्रानन्द सरस्वती महाराज के मार्ग दर्शन में चलाया जायेगा।
इससे पूर्व हिन्दू राष्ट्र के लिए राष्ट्रीय संत एवं माँ वैष्णो देवी के विशेष कृपा पात्र श्री श्री 1008 लाल बाबा जी महाराज रविवार को श्री श्री 1008 लाल बाबा फाउंडेशन से श्री बड़े हनुमान जी मंदिर तक भव्य शोभा यात्रा कड़ी सुरक्षा के बीच निकाली गयी। हज़ारों की संख्या में साधु संत शामिल हुए।
इस भव्य शोभा यात्रा को श्री श्री 1008 लाल बाबा जी महाराज ने अपने स्वर्गीय पिता पंडित तिलकधारी मिश्र के आशीर्वाद स्वरुप उन्हें समर्पित किया।
इस मौके पर जिला कार्य समिति जौनपुर के वरिष्ट भाजपा नेता रमाकांत तिवारी,रमेशचंद्र श्रीवास्तव, वरिष्ठ पत्रकार संजीव श्रीवास्तव, राजन सिंह, मनोज मिश्र, अनूप मिश्र, राशिक वेदान्ताचार्य महाराज, अतुल मिश्र, अनुराग मिश्र, प्रकाश मिश्र, दीपक मिश्र अन्य भक्तजन उपस्थित रहे।
