संभल में शाही जामा मस्जिद के दूसरे सर्वे के दौरान हुई हिंसा के मास्टरमाइंड शारिक साठा का कुर्की वारंट जारी

0
21

संभल, 20 जनवरी (हि.स.)। जनपद संभल की सदर कोतवाली क्षेत्र में शाही जामा मस्जिद के दूसरे सर्वे के दौरान हुई हिंसा के मास्टरमाइंड शारिक साठा की सम्पत्ति कुर्क करने के लिए न्यायालय ने वारंट जारी कर दिया है। पुलिस विभाग ने मजिस्ट्रेट टीम के गठन हेतु संभल एसडीएम को पत्र लिखा है। टीम के गठन के बाद कुर्की की तिथि निर्धारित की जाएगी।

शारिक साठा लगातार फरार चल रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए कई बार दबिशें दी गईं, लेकिन वह हाथ नहीं आया। इससे पहले भी उसके खिलाफ वारंट और गैर-जमानती वारंट जारी किए जा चुके थे।

शारिक साठा को भारत का सबसे बड़ा ऑटो लिफ्टर बताया जाता है, जो प्रतिवर्ष लगभग 300 गाड़ियां चुराता था। एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने उसके खिलाफ परमानेंट वारंट और रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने की बात कही थी। नखासा पुलिस और एसआईटी ने अब उसकी गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई को तेज कर दिया है। पुलिस उन लोगों की भी जांच कर रही है जो शारिक साठा को बाहर से मदद पहुंचा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि शारिक की गिरफ्तारी तक यह अभियान जारी रहेगा।

इस मामले में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी कुलदीप सिंह ने मंगलवार को बताया कि शारिक साठा नखासा थाना क्षेत्र के मोहल्ला हिंदूपुरा खेड़ा के पजाया का निवासी है। उसके खिलाफ धारा 84 के तहत उद्घोषणा जारी की गई थी, लेकिन वह निर्धारित समय सीमा के भीतर न्यायालय में पेश नहीं हुआ। इसके परिणामस्वरूप, सम्बंधित न्यायालय से अब कुर्की वारंट जारी किए गए हैं।

#संभल #शाही _जामा _मस्जिद #शारिक_ साठा_ का_ कुर्की_ वारंट

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here